लखीमपुर खीरी : झांसे में लेकर खाताधारकों के नाम पर साइबर ठगी, तीन शातिर गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना साइबर सेल पुलिस ने बैंकों में फर्जी खाते खुलवाकर ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। राजापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास दबिश देकर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि उनका एक साथी फरार है। पुलिस ने उनके पास से आठ बैंक पासबुक, छह एटीएम कार्ड, चार चेकबुक, पांच सिम, तीन मोबाइल फोन और चार हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
थाना खीरी के गांव हरदासपुर निवासी अरुण कुमार मिश्र ने थाना साइबर सेल पर आठ सितंबर के रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें उसने कहा था कि पड़ोसी गांव इकबालपुर निवासी रवि वर्मा, सदर कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर कोन गोविंद नगर निवासी पवन, अंचल वर्मा और कोतवाली धौरहरा के महाराजनगर निवासी शुभम जायसवाल उर्फ पिंटू ने सदर चौराहा पर चाय-समोसा खिलाकर उसका आधार कार्ड व अन्य कागजात हासिल कर लिए। बाद में 8 अगस्त 2025 को इंडियन बैंक सदर चौराहा शाखा में उनके नाम से खाता खुलवाया और पासबुक, चेकबुक व मोबाइल सिम अपने पास रख लिए।
पीड़ित को भरोसा दिलाया गया कि खाते से उसे कोई परेशानी नहीं होगी, लेकिन बाद में पता चला कि आरोपी उसके खाते में ठगी की रकम मंगाकर अपने उपयोग में ले रहे हैं। जांच में सामने आया कि इस गिरोह ने कई अन्य लोगों के नाम पर भी खाते खुलवाकर साइबर ठगी की। सीओ सिटी विवेक तिवारी ने बताया कि आरोपी आम लोगों को लालच देकर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाते, फिर खातों की संपूर्ण किट अपने पास रखकर साइबर अपराधियों के साथ मिलकर ठगी की रकम इन खातों में मंगवाते और बाद में रकम ट्रांसफर कर नकदी निकाल लेते थे। साइबर सेल ने पवन वर्मा, शुभम जायसवाल उर्फ पिंटू और रवि वर्मा को राजापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार कर चालान भेज दिया है। अंचल वर्मा की तलाश जारी है।
