Moradabad : तेज बारिश और आंधी से खेतों में खड़ी फसल बर्बाद, अन्नदाता परेशान
ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। बुधवार रात मौसम ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। तेज हवा और बारिश ने खेतों में खड़ी धान, बासमती और गन्ने की तैयार खड़ी फसलें जमीन पर बिछ गईं। इससे अन्नदाता मायूस है।
गांव बादरझल्ला, लोगी कला और राघुवाला के किसानों ने बताया कि महज कुछ दिन पहले तक खेतों में फसलें लहलहा रही थीं और इस बार बेहतर उत्पादन की उम्मीद थी। लेकिन बुधवार रात करीब एक बजे आए तूफानी मौसम ने सारी मेहनत पर पानी फेर दिया। खेतों में लगी बासमती और गन्ने की फसल गिर गई।
किसान मित्रपाल सिंह, बलबीर सिंह, अजय कुमार और ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि कई किसानों ने साहूकारों से कर्ज लेकर खेतों में फसल बोई थी, लेकिन अब लागत निकालना भी मुश्किल लग रहा है।
किसानों का कहना है कि धान और बासमती की फसल लगभग 70 से 100 प्रतिशत तक नष्ट हो चुकी है, जबकि गन्ने के उत्पादन में भी भारी गिरावट तय है। जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट गहराने की आशंका है।
