सांसद अवधेश प्रसाद बोले- बेरोजगारी, संविधान, आरक्षण, जातीय जनगणना और किसानों के मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी सपा
वाराणसी। अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद ने गुरुवार को कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) 2027 का विधानसभा चुनाव बेरोजगारी, संविधान, आरक्षण, जातीय जनगणना और किसानों के मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी और पूर्ण बहुमत की सरकार बनायेगी।
सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में उन्होने वोट चोरी के मुद्दे पर कहा, "हम लगातार इसकी लड़ाई लड़ रहे हैं। 2024 में भी भाजपा ने कोशिश की, लेकिन उनकी योजना विफल रही। 2027 में भाजपा के 50 विधायक भी नहीं बन पाएंगे। हम चुनाव आयोग को सुधारेंगे और सही रास्ते पर लाएंगे।"
उन्होंने कहा, "योगी सरकार में किसान परेशान हैं। सांड न केवल खेत चरते हैं, बल्कि किसानों की जान भी ले रहे हैं।" विधायक रहते हुए उन्होंने सदन में कई बार सांडों, मवेशियों और गायों का मुद्दा उठाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि योगी सरकार में गौशालाओं की हालत खराब है और गायों को पर्याप्त भोजन तक नहीं मिलता।
उन्होंने कहा, "लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा को करारा जवाब दिया है।" उन्होंने संविधान को बचाने के लिए सपा के प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि अयोध्या में लोगों को उजाड़ा गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की करोड़ों की जमीन कौड़ियों के भाव ली गई और अयोध्या में सर्किल रेट तक निर्धारित नहीं है। उन्होंने वादा किया, "हमारी सरकार आएगी तो किसानों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।"
