Moradabad : युवक की धारदार हथियार से हत्या कर शव सड़क किनारे फेंका
पाकबड़ा, अमृत विचार। युवक की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंककर हत्यारे फरार हो गए। गुरुवार सुबह इसकी जानकारी मिलने पर परिजन एवं पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायत नामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। सीओ हाईवे ने घटना की जानकारी ली। बड़े भाई की तहरीर के आधार पर गांव के ही तीन पिता पुत्रों के खिलाफ पुलिस ने हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वजह अभी साफ नहीं है। सभी पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है।
पाकबड़ा थाना क्षेत्र के गांव गुरेठा के निवासी जागेंद्र का पुत्र योगेश(22) पेंटर था। बुधवार को रोजाना की तरह काम से घर शाम को 5:00 बजे लौटा। उसके बाद साइकिल लेकर यह कहकर निकला कि अभी थोड़ी देर में आ रहा हूं। लेकिन वह रात में घर नहीं पहुंचा और ना ही उसका फोन उठा। परिजनों ने रात भर उसकी तलाश की लेकिन कहीं नहीं मिला। गुरुवार की सुबह अगवानपुर बाईपास पर मोड़ा तैय्या कब्रिस्तान की ओर जाने वाली सड़क पर उसका शव मिला।
उसके माथे और सिर पर गंभीर घाव मिले। सुबह उधर से गुजर रहे लोगों ने शव देखा तो सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई तो उसकी पहचान योगेश के रूप में हुई। थानाध्यक्ष योगेश कुमार मावी ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। सभी साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक की टीम एवं सीओ हाईवे राजेश कुमार भी मौके पर पहुंच गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि तीन नामजद आरोपियों गौरव पुत्र शोभाराम, कपिल पुत्र शोभाराम, शोभाराम पुत्र रामप्रसाद निवासी गुरेठा इन तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। योगेश बहन-भाइयों में पांचवें नंबर का था। उसके भाई उमेश, संजय, बहनें बेबी, सलोनी और शशि मां उषा देवी का रो-रो कर बुरा हाल है।
शव के पास ही पड़ा था मोबाइल
जहां शव मिला वहीं उसका मोबाइल पड़ा मिला था। आसपास बीयर की कुछ कैन भी पड़ी हुई मिली। घटनास्थल के पास घास भी अस्त व्यस्त थी।
