Auraiya News: औरैया में अवैध रूप से रह रहा बांग्लादेशी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

औरैया। यूपी में औरैया जिले के सहार क्षेत्र में पुलिस ने एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है जो अवैध रूप से भारत में रह रहा था। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति का नाम इस्लाम (65) है, जो बांग्लादेश के खुलना जिले का रहने वाला है। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत, सहार थाना पुलिस टीम बेला रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जाँच कर रही थी।

तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक विदेशी व्यक्ति कबाड़ी की दुकान में चप्पल इकट्ठा करने का काम करता है और वह स्थानीय भाषा नहीं बोल पाता। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उस व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान, उसने अपनी पहचान इस्लाम पुत्र शौरियातुल्ला, निवासी ग्राम दामोदर, तहसील फुलथला, जनपद खुलना, बांग्लादेश के रूप में बताई।

पुलिस ने इस्लाम के खिलाफ विदेशी अधिनियम की धारा 14 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश किया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह और उप-निरीक्षक कुलदीप कुमार शामिल थे।

संबंधित समाचार