नक्शा पास कराना हुआ आसान...व्हाट्सएप पर आएगी NOC, तहसील और जलकल की एलडीए खुद ट्रैक करेगा Details
लखनऊ, अमृत विचार: शहर में आवासीय व व्यावसायिक भवन बनाने के लिए मानचित्र पास कराना और भी आसान हो गया है। आवेदक को विभिन्न विभागों की न एनओसी लेनी होगी न ही कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ेंगे। जिन विभागों की एनओसी जरूरी होगी वो एलडीए ट्रेस करके सीधे व्हाट्सएप पर भेजेगा।
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने एनओसी के लिए डिजिटल व्यवस्था लागू कर दी है। बताया कि पुरानी व्यवस्था में भवनों का मानचित्र स्वीकृत कराने के लिए नजूल, इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट, सीलिंग, अर्जन, लैंड यूज की एनओसी प्राधिकरण के अनुभागों से जारी होती है। इसके अलावा संबंधित तहसील व जलकल विभाग की एनओसी की जरूरत पड़ती है। आवेदक को विभिन्न विभागों के चक्कर लगाने पड़ते थे। इस प्रक्रिया में तीन से चार महीने लगते थे। अब नई व्यवस्था में मानचित्र के आवेदन प्राप्त होने पर बिना भागदौड़ के प्राधिकरण द्वारा इंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग (ईआरपी) के माध्यम से एनओसी निर्गत की जाएगी। संबंधित अनुभाग जैसे ही ईआरपी पर एनओसी स्वीकृत करेगा वह आवेदक के व्हाट्सएप पर सीधे जाएगी। इसी तरह एलडीए अपने स्तर से ही तहसील और जलकल विभाग की एनओसी ट्रैक कर लेगा। आवेदक को भी संबंधित विभाग की एनओसी व्हाट्सएप पर प्राप्त होगी।
घर बैठे जाने लैंड यूज
अगर आप लखनऊ में जमीन खरीद रहे हैं और उसका भू-उपयोग जानना चाहते हैं तो घर बैठे लैंड यूज की पूरी जानकारी मिल जाएगी। एलडीए ने इसकी प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल कर दिया है। इसके लिए आवेदक को ldalucknow.in पर विजिट करके सिटिजन सर्विस पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। उसके स्वामित्व सम्बंधी दस्तावेज, खसरा डिटेल व लोकेशन देनी होगी।
