पीलीभीत: विश्व हिंदू रक्षा परिषद करेगी धरना, निषाद पार्टी ने दी जाम की चेतावनी..जानिए मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पीलीभीत, अमृत विचार: पंडरी गोशाला में गोवंश के मरने बाद उठे सवालों को लेकर छिड़ी रार नहीं थम सकी है। दर्ज किए गए मुकदमे को खत्म कराने की मांग को लेकर विश्व हिन्दू रक्षा परिषद ने धरने की चेतावनी दी है। वही, आरोपी विश्व हिन्दू रक्षा परिषद कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी न होने पर निषाद पार्टी ने जाम लगाने की चेतावनी दी है। 

विश्व हिंदू रक्षा परिषद के पदाधिकारी व कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष यशवंत सिंह की अगुवाई में  गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने अपनी मांगों से जुड़ा ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर को सौंपा। जिसमें संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं पर की जा रही एफआईआर के विरोध में शुक्रवार को धरने का ऐलान किया है।

ज्ञापन में बताया कि नौ सितंबर को उन्हें संगठन का जिलाध्यक्ष बनाया गया। 11 सितंबर को उनका पीलीभीत आगमन हुआ। एक सप्ताह पहले संगठन का गठन किया गया है। महज कम समय में विश्व हिंदू रक्षा परिषद के कार्यकर्ता पदाधिकारियों के ऊपर न्यूरिया थाने में धमकी, मारपीट, रंगदारी की रिपोर्ट दर्ज की गई। अब गुरुवार को एसपी के यहां एक पिज्जा कैफे वाले ने तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है, जोकि निराधार है। ये भी बताया कि गत दिनों न्यूरिया जाने पर उन्हें आश्वासन मिला था कि अगर कुछ गलत नहीं किए हैं तो दो दिन में जांच करके मुकदमे को खत्म कराया जाएगा। मगर अभी तक ऐसा नहीं किया गया है। एक तरफ गलत मुकदमा खत्म नहीं हो रहा और दूसरी तरफ नया मुकदमा लिखा जा रहा है। इसके विरोध में विश्व हिंदू रक्षा परिषद के पदाधिकारी, कार्यकर्ता धरना देंगे। जब तक कि यह निष्पक्ष जांच होकर मुकदमा हटाया नहीं जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से धरना स्थल की जगह चिन्हित कर संगठन के पदाधिकारियों को बताने की मांग की है। धरने की तिथि 19 सितंबर तय करने की जानकारी भी दी है। इस मौके पर पवन राजपूत, शुभम, सुचित, उत्तम, राहुल, महेश,  गोपाल शर्मा, विनोद कश्यप, प्रिंस, जौली गुप्ता आदि थे।

497

निषाद पार्टी ने की गिरफ्तारी की मांग, रोड जाम करने की चेतावनी
निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। जिसमें बताया कि उनकी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष कमल कश्यप पर ग्राम पंडरी  की गोशाला जाकर गत दिनों मारपीट की गई और बीस हजार रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इस मामले में न्यूरिया थाने में विश्व हिंदू रक्षा परिषद के जिलाध्यक्ष यशवंत सिंह, गौरव राणा, जौली गुप्ता और गोपाल शर्मा पर रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है। मगर अभी तक गिरफ्तारी नहीं की गई। इसके अलावा अन्य प्रकरणों में भी इन लोगों की अन्य व्यक्तियों द्वारा शिकायत की जा चुकी है। एक स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी की तबीयत भी इनके द्वारा धमकाने से खराब हो चुकी है। आए दिन जाम लगाने और धरने की धमकी दी जाती है, लेकिन फिर भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। ऐसे में गुरुवार रात तक गिरफ्तारी न होने पर शुक्रवार को रोड जाम करने की चेतावनी दी गई है।  इस मौके पर रोहित कश्यप, राकेश कश्यप, महेश कश्यप, रवि कश्यप, पंकज कश्यप, धर्मेंद्र कश्यप, विजय, प्रमोद, सुनील, सर्वेश आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार