बरेली : कमरे में की शादी, कोर्ट मैरिज करने के दबाव पर हुआ था विवाद

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

अस्पताल संचालक ने वारदात को अंजाम देकर देर रात गायनी से की थी बात

बरेली, अमृत विचार: बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के लखनऊ-दिल्ली हाईवे के जीरो पॉइंट के पास चलती कार से नग्न अवस्था में युवती को फेंकने वाले अस्पताल संचालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने कमरे में उससे शादी की थी। युवती ने जब उससे कोर्ट मैरिज करने का दबाव बनाया और गर्भवती हुई तो उसे रास्ते से हटाने के लिए साजिश रची। आरोपी ने वारदात के बाद देर रात गायनी से बात कर अपडेट लिया था। फिलहाल आरोपी का स्वास्थ्य खराब है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बदायूं निवासी युवती ने बताया कि उसने एएनएम की कोर्स की थी। उसकी जान पहचान अनन्तरूप हॉस्पिटल संचालक श्रीपाल से थी। उनके अस्पताल में वह काम करती थी। इस बीच दोनों के बीच संबंध हो गए। श्रीपाल ने उसके साथ रूम में शादी कर ली। इसके बाद उससे कोर्ट मैरिज करने के लिए कहा तो उसने टालमटोल कर संजय नगर कालोनी में किराये का मकान दिला दिया। जब कोर्ट मैरिज करने का दबाव बनाया तो श्रीपाल नाराज हुआ और 16 सितंबर को उसके पेट में दर्द हुआ। इस पर कार से पहुंचे श्रीपाल ने उसे दो इंजेक्शन लगाए। इसके बाद उसे गाड़ी में बिठाकर हाईवे की तरफ ले गया। फिर उसने जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर भारी सामान से वार किया और मरा समझ कर उसे रात 10 बजे हाईवे के किनारे फेंककर चला गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालाकि, उसने बीमार होने का हवाला दिया तो पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि युवती गर्भवती हो गई थी और कोर्ट मैरिज करने का लगातार दबाव बना रही थी। ऐसे में आरोपी ने पीछा छुड़ाने के लिए वारदात को अंजाम दिया था। उसका अस्पताल भी दूसरे डॉक्टर के नाम पर रजिस्टर्ड है। जबकि, उसका संचालन आरोपी खुद करता है। उसने उसे चार माह पहले अपनी आईडी पर सिम दिलाया था। इस पर उसने चार माह में एक हजार 80 बार देर रात फोन कर बात किया था।

संबंधित समाचार