लखीमपुर खीरी : ट्रक की टक्कर से 17 वर्षीय किशोरी की मौत
दवा लेने आई थी सोनी, हाईवे पार करते वक्त हुआ हादसा
भीरा, अमृत विचार: कस्बे में स्थित वन बीट अस्पताल में शुक्रवार की सुबह दवा लेने आई शाहजहांपुर के थाना पुवायां क्षेत्र की एक युवती को तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना पुवायां (शाहजहांपुर) के गांव मोहित निवासी सोनी गौतम पुत्री महेश अपने रिश्तेदार के साथ भीरा के लखीमपुर हाईवे स्थित वन बीट आंख अस्पताल में दवा लेने आई थी। सुबह करीब 10 बजे इलाज के बाद जब वह हाईवे पार कर रही थी। तभी लखीमपुर की ओर से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सोनी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं दुर्घटना में शामिल ट्रक को पुलिस ने पकड़ लिया है।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के समय मृतक किशोरी का रिश्तेदार अस्पताल में मौजूद था। परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है। मौत की खबर मिलते ही उनमें कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवार के लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। शव देख उनमें चीख पुकार मच गई। प्रभारी निरीक्षक गोपाल नारायण सिंह ने बताया कि चालक को हिरासत में लेकर पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया है। अभी परिवार वालों की तरफ से कोई तहरीर नहीं आई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
