सुलतानपुर न्यूज: अधिशाषी अभियंता हत्याकांड में दरोगा तलब, अष्टधातु मूर्ति मामले में गवाही दर्ज
सुलतानपुर, अमृत विचार। जल निगम के अधिशाषी अभियंता संतोष कुमार की हत्या के बहुचर्चित मामले में शुक्रवार को एडीजे द्वितीय विशेष एससी-एसटी न्यायालय ने आरोपियों को गिरफ्तार करने वाले अभियोजन गवाह तत्कालीन थानाध्यक्ष अरुण द्विवेदी को तलब किया है।
बचाव पक्ष के अधिवक्ता संतोष पांडेय ने बताया कोर्ट ने दरोगा को तलब कर सुनवाई के लिए 29 सितंबर की तारीख नियत की है। सहायक अभियंता अमित कुमार शाह व आरोपी प्रदीप राम को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
गौरतलब है कि 17 अगस्त 2024 को अधिशाषी अभियंता संतोष कुमार की उनके घर में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में मृतक के भाई संजय कुमार ने सहायक अभियंता समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
अष्टधातु मूर्ति बरामदगी प्रकरण में रिटायर्ड इंस्पेक्टर की गवाही दर्ज
कूरेभार थाना क्षेत्र में 23 वर्ष पूर्व अष्टधातु की गौतम बुद्ध की मूर्ति बरामदगी मामले में शुक्रवार को विशेष लोक अभियोजक सुशील सिंह की ओर से वादी मुकदमा रिटायर्ड इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र तिवारी की अहम गवाही दर्ज कराई गई। विशेष लोक अभियोजक सुशील सिंह के मुताबिक 19 जुलाई 2002 में रात कूरेभार चौराहे के पास बाइक पर सवार मोहम्मद शमी निवासी गजेहड़ी व मोहम्मद जाहिद, निवासी हसनपुर थाना कुड़वार को पुलिस ने पकड़ा था।
उनकी तलाशी में 3 किलो 600 ग्राम वजनी अष्टधातु की गौतम बुद्ध की मूर्ति बरामद हुई थी। तीसरा आरोपी विनोद तिवारी मौके से फरार हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। अदालत ने अगली सुनवाई की तारीख 4 अक्टूबर नियत की है।
ये भी पढ़े : आंदोलन की चेतावनी...TET अनिवार्यता पर शिक्षकों में उबाल, PM और शिक्षा मंत्री को भेजा ज्ञापन
