Kanpur News: अवैध निर्माण धराशायी, बुलडोजर के सामने आया युवक, केडीए ने की बड़ी कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बिधनू में तेजी से हो रही प्लाटिंग, नई योजना के लिए केडीए ने जमीनों को अधिग्रहित करना किया शुरू

कानपुर, अमृत विचार। केडीए ने बिधनू व आस-पास के क्षेत्रों में की जा रही अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को सकरापुर, नगवा, बूढ़पुर मछरिया में ऐसे निर्माणों को केडीए का बुलडोजर चला। इस दौरान विभाग ने करीब 32 हजार वर्गमीटर जमीन में बने निर्माणों को तोड़ दिया। यहां एक युवक बुलडोजर के सामने आ गया, जिसे दस्ते ने हटाया। साथ ही विरोध करने वालों को लाठियां पटककर खदेड़ा।

बिधनू थानाक्षेत्र में तेजी से प्लाटिंग हो रही है, सोसाइटियां अवैध रूप से लोगों को जमीनों को बेच रही हैं। जबकि केडीए यहां नई स्कीम लाने की प्लानिंग कर रहा है। इसी को लेकर पिछले दो महीने से यहां सख्ती बढ़ा दी गई है। शुक्रवार को केडीए के जोन 4 के प्रवर्तन प्रभारी प्रवीण शर्मा की अगुवाई में दस्ता सबसे पहले नगवा में स्थित आराजी संख्या 191 व 192 में पहुंचा।

यहां पर दो बीघा जमीन पर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। जिसे दस्ते ने गिरा दिया और चेतावनी दी है कि फिर से अवैध प्लाटिंग हुई तो कार्रवाई के साथ ही मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। इसके अलावा आराजी संख्या 542 में 12 हजार वर्ग मीटर जमीन पर बनी अवैध प्लाटिंग गिरा दी। सकरापुर में आराजी संख्या 408 में 4 हजार वर्ग मीटर और आराजी संख्या 222 में 4 हजार वर्ग मीटर जमीन पर बनी प्लाटिंग गिरा दी।

केडीए ने बूढ़पुर मछरिया में इसकोमिया स्कूल के सामने 2.5 बीघा जमीन पर बिना लेआउट के हो रही प्लाटिंग रुकवा दी। अवैध निर्माणों को गिरा भी दिया। कुछ लोग विरोध करने को आगे आए तो दस्ते ने खदेड़ दिया। प्रवर्तन प्रभारी प्रवीण शर्मा ने बताया कि करीब 32 हजार वर्गमीटर जमीन को खाली कराया गया है। केडीए उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल ने बताया कि लोगों को अगाह किया जा रहा है कि बिना ले-आउट पास कराए निर्माण न करें, निर्माण करने से पहले केडीए से जानकारी कर लें।

संबंधित समाचार