बदायूं : पति के मारपीट करने पर पत्नी ने दोस्त के साथ मिलकर की थी हत्या
पुलिस ने दोनों हत्यारोपियों को किया गिरफ्तार, हत्या करने की घटना की कबूल
बदायूं, अमृत विचार: सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के गांव लौहड़ा बहेड़ी में युवक की गला दबाकर हत्या मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से आलाकत्ल गमछा बरामद हुआ। पति के शराब के नशे में मारपीट करने की वजह से महिला ने अपने पड़ोस में रहने वाले दोस्त के साथ मिलकर गला दबाकर हत्या की थी। पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया है।
गांव लौहड़ा बहेड़ी निवासी भूपेंद्र पुत्र छोटे लाल की बुधवार रात लगभग आठ बजे मौत हो गई थी। उसकी पत्नी राजकुमारी ने फंदा लगाकर आत्महत्या करने की अफवाह फैलाई थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। जिसमें गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने मृतक की मां गुड्डी देवी की तहरीर पर उनकी पुत्रवधु राजकुमारी और गांव निवासी बलवीर पुत्र भंवर सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने दोनों आरोपियों को शेखूपुर स्थित फायरिंग रेंज को जाने वाले मार्ग से आलाकत्ल गमछा के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में राजकुमारी ने बताया कि उसके पति भूपेंद्र अक्सर शराब पीकर उसके साथ मारपीट करते थे। कुछ दिन पहले उसने पति के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। जिसमें पति से समझौता हो गया था। उसकी पड़ोस में रहने वाले बलवीर से दोस्ती हो गई थी। 17 सितंबर को भी पति ने उसके साथ शराब के नशे में मारपीट की। गुस्से में आकर उसने बलवीर को अपने घर पर बुला लिया था। फिर दोनों ने गमछा से गला दबाकर भूपेंद्र की हत्या की थी।
