सोशल मीडिया पर फेक न्यूज़ फैलाई तो कार्रवाई तय, अराजक तत्वों को उन्हीं भाषा में मिलेगा जवाब- CM Yogi
मुख्यमंत्री ने शारदीय नवरात्रि दीपावली, धनतेरस, दीपोत्सव, देव-दीपावली एवं छठ पूजा आदि पर्वों के सुचारू आयोजन के लिए उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में दिए निर्देश। मुख्यमंत्री बोले- हर्ष उल्लास के साथ मने आगामी पर्व-त्योहार, लोगों की सुरक्षा, सुविधा का रखें पूरा ध्यान
लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि शांति, सुरक्षा और सुशासन की नजर से यह समय संवेदनशील है। पर्व- त्योहारों के इस समय में पुलिस और प्रशासन सहित पूरी टीम यूपी को हर पल अलर्ट रहना होगा। सभी पर्व शांति और सौहार्द के बीच सम्पन्न हों, इसके लिए स्थानीय जरूरतों को देखते हुए सभी जरूरी प्रयास किए जाएं। अराजक तत्वों, उपद्रवियों को उनकी भाषा में ही जवाब दिया जाए। त्योहारों में लोगों की सुरक्षा, सुविधा का रखें पूरा ध्यान रखा जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारीगण सोशल मीडिया पर चौकसी बढाएं। फेक अकाउंट बनाकर माहौल खराब करने वाली अफवाह, फेक न्यूज़ प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। सोशल व डिजिटल मीडिया के माध्यम से घटनाओं के सही तथ्य समय पर लोगों के सामने लाया जाए।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर एक बैठक में आगामी पर्व-त्योहारों के आयोजन, स्वच्छता, कानून व्यवस्था आदि विषयों के संबंध में शासन-प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में वीडियो कांफ्रेंसिंग से सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, अपर पुलिस महानिदेशक (ज़ोन), समस्त पुलिस आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक, आदि वरिष्ठ अधिकारियों की सहभागिता रही। बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव गणों से त्योहारों के मद्देनजर उनकी विभागीय तैयारियों के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विभागों में आईजीआरएस, सम्पूर्ण समाधान दिवस और सीएम हेल्पलाइन अथवा प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, मंत्रीगणों के स्तर से प्राप्त आम जनता की शिकायतों, आवेदनों के समयबद्ध और संतुष्टिपरक समाधान सुनिश्चित किया जाए। अधिकारीगण घटनाओं की दैनिक समीक्षा करें। साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत- विकसित उत्तर प्रदेश 2047 अभियान के अंतर्गत प्रदेश सरकार द्वारा 300 से अधिक विद्वतजनों को जिलों में लोगों से संवाद के लिए भेजा गया। इसी प्रकार हर जिले में पांच से दस विद्वतजनों को चिन्हित कर सुझावों के लिए कार्य किया जाए।
21 को महिला पुलिस बाइक रैली, होंगी सम्मानित
मुख्यमंत्री ने बताया कि शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन 22 सितंबर से प्रदेशव्यापी मिशन शक्ति 5.0 की शुरुआत होगी। चरणबद्ध रूप से यह अभियान एक माह तक चलेगा। लोगों को जागरूक करने के लिए 21 सितंबर की शाम को महिला पुलिसकार्मिकों द्वारा हर जिले में एक बाइक रैली निकाली जाए। उस दिन से सार्वजनिक स्थलों, बालिका विद्यालयों इत्यादि जगहों पर एंटी रोमियो स्क्वायड द्वारा शोहदों को चिन्हित करते हुए प्रभावी कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला बीट अधिकारी ग्राम पंचायतों में लोगों को महिला सुरक्षा के संबंध में जागरूक करें तथा शासन की योजनाओं की जानकारी भी दें। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत अच्छा कार्य करने वाली महिलाओं के चिन्हित कर उन्हें प्रदेश व जनपद स्तर पर सम्मानित किया जाए।
लापरवाही के कारण बड़ा विवाद न हो, ध्यान रखें
मुख्यमंत्री ने कहा कि शरारती तत्व दूसरे सम्प्रदाय के लोगों को अनावश्यक उत्तेजित करने की कुत्सित कोशिश कर सकते हैं, ऐसे मामलों पर नजर रखें। हर नगर की जरूरत के अनुसार ट्रैफिक प्लान तैयार करें। छोटी सी घटना लापरवाही के कारण बड़े विवाद का रूप ले सकती है। ऐसे में अतिरिक्त सतर्कता आवश्यक है। त्वरित कार्यवाही और संवाद-संपर्क अप्रिय घटनाओं को संभालने में सहायक होती है। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना पर बिना विलंब किए, जिलाधिकारी, पुलिस कप्तान जैसे वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर पहुंचे। संवेदनशील प्रकरणों में वरिष्ठ अधिकारी लीड करें।
यह भी पढ़ेंः Bomb Threat: दिल्ली के कई स्कूलों को बम की धमकी, तलाश अभियान जारी
