Bareilly : खुदको ठेकेदार बताकर 2.78 लाख रुपये का माल लेकर फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में सरिया-सीमेंट कारोबारी से एक युवक ने ठेकेदार बता कर 2.78 लाख रुपये का सामान लिया। उसके बाद उन्हें बंद बैंक खाते का चेक थमा दिया। सीओ प्रथम आशुतोष शिवम के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। टिबरीनाथ काॅलोनी निवासी प्रवीण गोयल ने बताया कि वह गोयल बिल्ट के मालिक हैं। दिसंबर 2024 में गगन अरोड़ा उर्फ अजय अरोड़ा उनकी दुकान पर आया और खुद को बिल्डर का ठेकेदार बताकर विभिन्न निर्माण स्थलों के लिए सीमेंट और सरिया खरीदने को कहा। 

आरोपी ने बंसी नगला, अशोक नगर, बिहारीपुर और कोहाड़ापीर में निर्माण कार्य का हवाला देते हुए माल भिजवाया। बिहारीपुर के माल का भुगतान लेबर से लिया गया लेकिन कोहाड़ापीर के पास भेजे गए माल का भुगतान नहीं किया गया। अरोड़ा ने बार-बार फोन कर वादा किया कि दुकान पर आकर भुगतान करेंगे। इसी बीच बंसी नगला, मढ़ीनाथ रोड पर 39 हजार रुपये की 100 बोरी सीमेंट भेजा गया। आरोपी ने पहले 35 हजार रुपये ही दिए और बाकी की रकम अगले दिन देने का वायदा किया। 

इसके बाद 24 बंडल सरिया भेजने के लिए कहा गया और भुगतान चेक से करने का दावा किया। अरोड़ा ने कहा कि चेक मत लगाइए, भुगतान नगद करेंगे। जब उन्होंने सरिया भेजी, तो उसका भुगतान नहीं हुआ। इसके बाद आरोपी ठेकेदार दुकान पर पहुंचा और 150 सीमेंट की बोरी ले गया। जांच मेंपता चला कि जहां-जहां माल पहुंचाया गया, वहां कोई निर्माण कार्य नहीं चल रहा था और ठेकेदार ने झूठ बोलकर माल मंगवाया। गोयल ने बताया कि अरोड़ा ने कई बार चेक दिए, लेकिन उनका खाता कई साल पहले ही बंद हो चुका था।

संबंधित समाचार