खेल: राहुल और सिराज के जुड़ने से भारत ए टीम को मिली मजबूती, आस्ट्रेलिया ए से दूसरा चार दिवसीय मुकाबला 23 सितंबर से

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। भारत ए और आस्ट्रेलिया ए के बीच दूसरे चार दिवसीय मुकाबले से पहले भारतीय टीम को बड़ी मजबूती मिली है। स्टार बल्लेबाज केएल राहुल के साथ तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज शनिवार को राजधानी पहुंचने के साथ आधिकारिक रूप से टीम के साथ जुड़ गए हैं। इन दोनों अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की मौजूदगी से भारत ए टीम अब और अधिक मजबूत नजर आ रही है। 

वहीं दूसरा चार दिवसीय मुकाबला 23 से 26 सितंबर तक लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। इससे पहले 16 से 19 सितंबर तक खेला गया पहला मुकाबला ड्रॉ रहा था, जिसमें भारत ए के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया था। अभिमन्यु ईश्वरन, नारायण जगदीशन और साई सुदर्शन ने बेहतरीन शुरुआत दी, जबकि देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव चंद्र जुरैल ने शतक लगाकर मैच के रुख को बदलने में कामयाब रहे थे।

केएल राहुल की वापसी से बल्लेबाजी हुई मजबूत

केएल राहुल के शामिल होने से भारत ए की बल्लेबाजी और भी मजबूत हो गई है। अब देखना होगा कि उन्हें प्लेइंग इलेवन में किस खिलाड़ी की जगह शामिल किया जाएगा। राहुल का इकाना स्टेडियम में शानदार रिकॉर्ड रहा है। आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान रहते हुए उन्होंने इस मैदान पर कई यादगार पारियां खेली हैं। ऐसे में इस मैदान की पिच और परिस्थितियों की उन्हें अच्छी समझ है।

मोहम्मद सिराज की गेंदबाजी से ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की परीक्षा तय

वहीं दूसरी ओर, मोहम्मद सिराज की मौजूदगी से भारतीय गेंदबाजी के आक्रमण को मजबूती मिली है। सिराज की गति और स्विंग का सामना करना ऑस्ट्रेलिया ए के बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं होगा। इसके साथ ही उनके अनुभव का फायदा टीम में शामिल युवा गेंदबाजों को भी मिलेगा। 

उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन यूपीसीए के सीईओ अंकित चटर्जी के अनुसार, मुकाबले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। दोनों टीमों ने शनिवार को आराम किया। रविवार को सुबह के सत्र में भारत ए टीम और उसके बाद ऑस्ट्रेलिया ए टीम अभ्यास सत्र में भाग लेंगी।

संबंधित समाचार