सीतापुर में बाघिन पर काबू, चार घंटे के ऑपरेशन में ड्रोन और 40 सदस्यीय टीम को मिली सफलता

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

सीतापुर। महोली के नरनी गांव में शनिवार रात वन विभाग ने एक बाघिन को गन्ने के खेत से पकड़ लिया। ड्रोन कैमरे से लोकेशन मिलने के बाद डीएफओ नवीन खंडेलवाल के नेतृत्व में 40 सदस्यीय टीम ने चार घंटे के अभियान में बाघिन को ट्रैंकुलाइज कर पकड़ा। बाघिन को इलसिया वन कार्यालय में रखा गया है।

बुधवार रात पड़वे का शिकार करने के बाद लापता बाघिन को शनिवार सुबह ड्रोन से गन्ने के खेत में देखा गया, जहां वह दो शावकों और एक बाघ के साथ थी। स्थिति को देखते हुए कतर्निया से बायोलॉजिस्ट की टीम बुलाई गई। रात 9 बजे डीएफओ के नेतृत्व में टीम जेसीबी के साथ खेत में पहुंची, लेकिन पहला प्रयास असफल रहा। 

इसके बाद पचकारे बाबा के पास नया मचान बनाकर बाघिन की हलचल का इंतजार किया गया। रात 11:15 बजे बाघिन की मूवमेंट पर ट्रैंकुलाइज गन से डार्ट फायर किया गया। करीब 100 मीटर दौड़ने के बाद बाघिन बेहोश हो गई और उसे ट्रैक्टर-ट्रॉली से पिंजरे में डालकर इलसिया वन कार्यालय ले जाया गया। 

डीएफओ नवीन खंडेलवाल ने बताया कि बाघिन सुरक्षित है। रविवार सुबह मुख्य वन संरक्षक के निर्देश पर आगे की कार्रवाई होगी। अन्य बाघों को भी ट्रैंकुलाइज करने की योजना है।

यह भी पढ़ेंः लखनऊ में 'नमो युवा रन' मैराथन... सीएम योगी ने फिटनेस और राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश

संबंधित समाचार