Lucknow News: CGL परीक्षा में सॉल्वर गिरोह का खुलासा, सरगना समेत 11 आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ, अमृत विचार : कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित सीजीएल परीक्षा-2025 में दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियम विरुद्ध स्क्राइबर/लेखन उपलब्ध कराकर नकल कराई गई। इस मामले में फर्जी फिजीकल हैंडीकैप्ड प्रमाण पत्र तैयार कराया गया। इसी आधार परीक्षा दिलाई गई। एसटीएफ ने इस गिरोह के सरगना समेत 11 आरोपियों को नोएडा से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ नोएडा के फेस-2 थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। वहीं, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
कर्मचारी चयन आयोग द्वारा कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल (सीजीएल) टीयर-1 परीक्षा-2025 ऑनलाइन परीक्षा का आयोजन 12 से 26 सितंबर किया गया है। इसे नकलविहीन व पारदर्शी तरीके से कराने के लिए एसटीएफ के डिप्टी एसपी प्रमेश कुमार शुक्ला के नेतृत्व में टीम लगी थी। टीम ने नोएडा में परीक्षा का निरीक्षण के फेस-2 थाना क्षेत्र के आदर्श परीक्षा केंद्र पर दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियम विरुद्ध स्क्राइबर/लेखक उपलब्ध कराए जाने की सूचना मिली। जांच में सूचना सही मिली।
परीक्षा केंद्र के कर्मचारियों की मिलीभगत सामने आई
डिप्टी एसपी प्रमेश कुमार शुक्ला के मुताबिक, जांच में सामने आया कि परीक्षा केंद्र के कर्मचारियों व जिम्मेदारों की मिलीभगत से यह फर्जीवाड़ा किया जा रहा है। अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध कराये गये स्क्राइबर/लेखक बीटेक या उससे उच्च शिक्षा में पास हैं। जबकि नियमत: ग्रेजुएट लेवल की परीक्षा में एक लेवल कम के स्क्राइबर/लेखक उपलब्ध कराये जा सकते हैं। केंद्र में बतौर साल्वर अभ्यर्थियों के साथ बैठाकर प्रश्नपत्र हल कराया जा रहा था। जब मामले की गहनता से जांच की गई तो सामने आया कि परीक्षा को ईडूक्यूटी नाम की संस्था द्वारा कराया जा रहा है। परीक्षा केंद्र से संबंधित पूरी व्यवस्था इनोवेटिव व्यू प्रा. लि. कंपनी द्वारा उपलब्ध कराया गया था। इस कंपनी के कर्मचारी रोहित कुमार व नरेंद्र से सांठगांठ कर फिजीकल हैंडिकैप्डेट अभ्यर्थियों को सॉल्वर उपलब्ध कराया गया। रोहित परीक्षा केंद्र प्रभारी और नरेंद्र असिस्टेंट मैनेजर है।
दो लाख रुपये की वसूली
पकड़े गये आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि गिरोह द्वारा एक अभ्यर्थी को पास कराने के लिए दो से ढाई लाख रुपये लिये गये थे। इसमें अनधिकृत रूप से परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिलाने के लिए केंद्र प्रभारी व मैनेजर समेत कर्मचारियों को मोटी रकम उपलब्ध कराई गई थी। गिरोह का सरगना सागर पांडेय अपने साथियों के साथ गौर सिटी टॉवर-डी-1 के द्वितीय तल पर मौजूद था। वहीं, से अपने गिरोह को संचालित कर रहा था। टीम ने छापा मारा तो सागर पांडेय समेत तीन लोग दबोच गये। उनकी निशानदेही पर कई सामान बरामद किया गया।
10 हजार रुपये घंटे पर उपलब्ध कराता था सॉल्वर
एसटीएफ की पूछताद में सरगना सागर पांडेय ने बताया कि कंपनी के कर्मचारी रोहित व नरेंद्र की मदद से अनधिकृत तरीके से साल्वर परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर अभ्यर्थियों को पेपर हल कराते हैं। वह बीटेक, एमएससी, बीएससी पास युवकों को परीक्षा में सॉल्वर बनाकर बैठाता था। इस बात का भी ख्याल रखता था कि सॉल्वर प्रतियोगी परीक्षा के प्रश्नपत्र हल करने में सक्षम हों। इसके बदले में सॉल्वर को 10 हजार रुपये घंटे के हिसाब से भुगतान किया जाता है। गिरोह द्वारा फर्जी हैंडीकैप्ड प्रमाण पत्र तैयार कराकर भी अभ्यर्थी को परीक्षा में शामिल कराते हैं। इसके लिए 50 हजार रुपये लेते हैं।
ये हुए गिरफ्तार
एसटीएफ की टीम ने नोएडा के गौर सिटी टावर डी-1, फेस-2 थानाक्षेत्र के आदर्श परीक्षा केंद्र सेक्टर-80 और सेक्टर-121 थानाक्षेत्र के होटल टाउन हाउस में शुक्रवार को छापा मारा। मौके से मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित महेश गार्ड लाइन 15-बी बटालियन निवासी सरगना सागर पांडेय, बिहार जनदाहा स्थित विटंडीपुर निवासी विराट कुमार, चंदौली के अमरा बिरना निवासी दुर्गेश कुमार, मीरजापुर कोतवाली देहात स्थित करनपुर के जयप्रकाश मौर्या, मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित लीम्बोदी शिवराम कालोनी के चेतन शर्मा, मंसौर नाहरगढ़ स्थित गांवलोध के बसंती लाल कुमावत, गाजियाबाद के गोविंदपुरम के रोहित कुमार सिंह (आदर्श परीक्षा केंद्र का सेंटर हेड व इनोवेटिव व्यू कंपनी का कर्मचारी) , नई दिल्ली के सरिता बिहार स्थित मदनपुर खादर के नरेंद्र सिंह(आदर्श परीक्षा केंद्र का मैनेजर व इनोवेटिव व्यू कंपनी का कर्मचारी), बिहार के बेगुसराय के मुगेरीगंज संस्कार वाटिका के अमित कुमार (फर्जी प्रमाणपत्र पर परीक्षा देने वाला) , झांसी के गुरसराय का सरवन कुमार और नावाबाद स्थित मुसकुरा का शरद यादव शामिल है।
यह सामान हुआ बरामद
एसटीएफ की टीम ने आरोपियों के पास से 16 कूटरचित फिजीकल हैंउीकैप्ड प्रमाण पत्र, 13 मोबाइल, 3 निर्वाचन कार्ड, 6 आधार कार्ड, एक डीएल, 3 पैन कार्ड और 14,75,870 रुपये बरामद किया है।
यह भी पढ़ेंः प्रधानमंत्री मोदी आज शाम 5 बजे करेंगे राष्ट्र को संबोधित... क्या होगी कोई महत्वपूर्ण घोषणा?
