त्योहार पर निर्बाध आपूर्ति के लिए लेसा खर्च करेगा 50 करोड़, प्रमुख बाजारों और मंदिरों वाले क्षेत्रों में मरम्मत कार्य तेज
लखनऊ, अमृत विचार: नवरात्र, दशहरा, धनतेरस, दीपावली और छठ पूजा पर 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए लेसा 50 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इस धनराशि से चारों जोन के प्रमुख बाजारों और मंदिर वाले क्षेत्रों में बड़े स्तर पर मरम्मत कार्य कराए जा रहे हैं। अधिकारियों की टीमें भी क्षेत्रों का दौरा कर रही हैं। नलकूपों की आपूर्ति समय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
हजरतगंज, अमीनाबाद, यहियागंज चौक और आलमबाग, इंदिरानगर, अलीगंज, महानगर सहित व्यापारिक क्षेत्रों में लाइनों, ट्रांसफार्मर से लेकर अन्य संसाधनों की मरम्मत पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बीकेटी के चंद्रिका देवी मंदिर, चौक के बड़ी और छोटी कालीजी मंदिर, लालबाग के कालीबाड़ी मंदिर, हनुमान सेतु, संकटा देवी, दुर्गाजी और मनकामनेश्वर मंदिर की बिजली आपूर्ति भी बाधित न इस पर भी काम किया जा रहा है। इन इलाकों के ट्रांसफार्मरों की जांच कराने के साथ मोबाइल ट्रांसफार्मर को भी कर दिए गए हैं। कपड़ा और ज्वेलरी बाजारों में जंफर, पेटीबॉक्स, एबीसी लाइन, खंभों और लटकते तारों की मरम्मत की जा रही है। उपकेंद्रों पर अधिकारियों और कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई जाएगी। प्रत्येक उपकेंद्र पर तीन कर्मचारियों की रिजर्व टीम बनाने के निर्देश दिए गए हैं। उपकेंद्रों पर मरम्मत टीम की मौजूदगी सुनिश्चित कर हर घंटे उसकी रिपोर्टिंग को अनिवार्य कर दिया गया है। एक महीने तक अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां भी निरस्त करने की तैयारी है।
पहले खर्च किए जा चुके हैं 100 करोड़ रुपये
पिछले कुछ वर्षों में भी राजधानी की बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक की रकम खर्च की जा चुकी है। इसके बावजूद कई क्षेत्रों में घंटों बिजली कटौती के साथ ट्रिपिंग, लो वोल्टेज सहित अन्य समस्याएं बनी रहती हैं। अब मरम्मत पर 50 करोड़ रुपये खर्च कर विभाग कितना सुधार कर पता है, ये आने वाला समय ही बताएगा।
-हमारी प्राथमिकता उपभोक्ता को 24 घंटे बिजली मुहैया कराना है। त्योहारी सीजन में बिजली की मांग बढ़ने पर फॉल्ट होने की संभावनाएं भी बढ़ जाती हैं। ऐसे में त्योहार पर सप्लाई बाधित न हो, इसके लिए तेजी से अनुरक्षण कराकर सभी समस्याओं को दूर किया जा रहा है।
ओपी सिंह, मुख्य अभियंता, ट्रांसगोमती
यह भी पढ़ेंः प्रधानमंत्री मोदी आज शाम 5 बजे करेंगे राष्ट्र को संबोधित... क्या होगी कोई महत्वपूर्ण घोषणा?
