Lucknow News: विश्व में शीर्ष दो फीसदी वैज्ञानिकों में पीजीआई के 15 प्रोफेसर... स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी ने जारी की सूची
शोध कार्यों और प्रकाशनों के आधार पर हुआ चयन
लखनऊ, अमृत विचार: दुनिया के शीर्ष दो प्रतिशत शीर्ष वैज्ञानिकों की सूची में संजय गांधी पीजीआई के निदेशक समेत 15 प्रोफेसरों को स्थान मिला है। 2024 की ये सूची 20 सितंबर को अमेरिका के कैलिफोर्निया की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी ने जारी की है। पीजीआई के प्रोफेसरों को ये सम्मान उनके उत्कृष्ट शोध कार्यों, मरीजों का उच्च दर्जे का उपचार करने और प्रकाशनों के आधार पर मिला है।
पीजीआई के निदेशक और हेपेटोलॉजी विभाग के प्रो. आरके धीमन भी इस सूची में शामिल हैं। उनके अलावा मेडिकल जेनेटिक्स के सेवानिवृत्त प्रो. बलराज मित्तल, यूरोलॉजी की सेवानिवृत्त प्रो. रमा देवी मित्तल, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. राकेश अग्रवाल, क्लिनिकल इम्यूनोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. अमिता अग्रवाल, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. उदय चंद्र घोषाल, न्यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. जयंती कालिता, एंडोक्राइन एंड ब्रेस्ट सर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो. गौरव अग्रवाल, पीडियाट्रिक गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. उज्जल पोद्दार और प्रो. अंशु श्रीवास्तव काे भी स्थान मिला है। नेफ्रोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. नारायण प्रसाद, क्रिटिकल केयर मेडिसिन के प्रो. मोहन गुर्जर, बायोस्टैटिस्टिक्स एंड हेल्थ इंफॉर्मेटिक्स के एडिशनल प्रो. प्रभाकर मिश्रा, क्लिनिकल इम्यूनोलॉजी के एडिशनल प्रो. दुर्गा प्रसन्ना मिश्रा और एंडोक्रिनोलॉजी के एसोसिएट प्रो. रोहित सिन्हा को भी सूची में शामिल किया गया है।
निदेशक प्रो धीमन ने कहा कि यह संस्थान के लिए गर्व का क्षण है। पीजीआई न सिर्फ बेहतरीन इलाज बल्कि उच्च स्तर के शोध कार्यों के लिए भी पहचान बना रहा है। उम्मीद है कि हमारे प्रोफेसरों से युवा डॉक्टर और छात्र प्रेरणा लेकर और भी उत्कृष्ट काम करेंगे।
यह भी पढ़ेंः प्रधानमंत्री मोदी आज शाम 5 बजे करेंगे राष्ट्र को संबोधित... क्या होगी कोई महत्वपूर्ण घोषणा?
