लखनऊ न्यूज: छेड़छाड़ के विरोध पर पीटा, थाने में शिकायत पर किया जानलेवा हमला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी के पारा इलाके में छेड़छाड़ के विरोध करने पर आरोपितों ने रिटायर्ड स्कूटर इंडिया कर्मी व बेटे को पीटा। यही नहीं घर पर पथराव किया। जिसमें दो महिलाएं घायल हो गयी। वारदात के बाद आरोपी भाग गए। मेडिकल के बाद देर रात थाने में तहरीर देकर लौट रहे परिवार पर सूर्यनगर फाटक के पास एक दर्जन से अधिक युवकों ने हमला कर दिया।

रॉड व बेल्चे के हमले से युवक खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस के सामने आरोपी धमकाते हुए फरार हो गए। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने दो भाइयों समेत 16 आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

सूर्यनगर निवासी वीरेंद्र सिंह स्कूटर इंडिया से सेवानिवृत्त हैं। उनके बेटे दीपक व अमित भवन निर्माण सामग्री का व्यापार करते हैं। दीपक ने बताया कि पड़ोसी शनिवार शाम करीब 5 बजे महिला के घर नशे में धुत मर्दनखेड़ा निवासी पद्ममन यादव और बब्बन यादव पहुंचे और रुपये छीन लिए। विरोध पर उसकी बेटी से छेड़खानी की।

महिला की सूचना पर अमित वहां पहुंचे तो दोनों अमित को पीटने लगे। बचाने आए बुजुर्ग पिता से भी मारपीट की। इसके बाद पद्मन व बब्बन के साथियोंने घर पर पथराव किया। ईंट लगने से मां मंजू और युवती घायल हो गई। रात में थाने पहुंचे। रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल में मेडिकल के बाद तहरीर दी।

इसके बाददीपक, भाई अमित, मां मंजू, बहन रोशनी व दोस्त राजेंद्र कार से घर लौट रहे थे। करीब 11 बजे सूर्यनगर फाटक पर कार रोकी। इसी दौरान कुलदीप यादव उर्फ काला, उसके भाई बब्बन ने साथियों शिवा ठाकुर, वीर यादव, उदय राज, अंशुल भारती, हिमांशु यादव, उदय यादव उर्फ राहुल, कातिया यादव, पद्ममन यादव, नागेंद्र यादव उर्फ गब्बर, अंकित सिंह, शुभम सिंह, मोहित जोशी, आदित्य तिवारी और विवेक पाल समेत अन्य ने हमला कर दिया। अमित के सिर पर बेल्चे व रॉड मारे, इससे वह निढाल होकर गिर पड़ा।

स्थानीय लोगों ने डॉयल-112 पर सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजन ने घायल को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। हालत बिगड़ती देख उसे अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती कराया। पीड़ित ने बताया कि भाई अमित कोमा में है, उसे वेंटीलेटर पर रखा गया है। पीड़ित ने सोलह लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।

संबंधित समाचार