Bareilly : मौलाना तौकीर की पार्टी के नेता बोले हाथ काट दूंगा...किला पुलिस ने दर्ज की FIR
बरेली, अमृत विचार। आई लव मुहम्मद लिखा पोस्टर लगाने पर कानपुर में एफआईआर के बाद देश और प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मुस्लिम युवा आक्रोशित हैं। गली मोहल्लों में आई लव मुहम्मद के पोस्टर लगाकर इसका विरोध किया जा रहा है। शहर में कई जगह इस तरह के पोस्टर देखने को मिले।
पुलिस जब इन पोस्टरों को हटाने जा रही है, तो विवाद भी होने लगे हैं। किला थाना क्षेत्र में ऐसा ही मामला सामने आया। जहां पोस्टर हटाने गई पुलिस का लोगों से विवाद हो गया। इस घटना के अगले दिन अब आईएमसी के नेता डॉ. नफीस का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने वह थाना प्रभारी सुभाष कुमार को धमकी भरे लहजे में कहते दिख रहे हैं कि हाथ काट लूंगा...वर्दी उतरवा दूंगा। उनका ये वीडियो वायरल होने के बाद डॉ. नफीस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
दरअसल शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद दरगाह आला हजरत के संगठन जमात रजा-ए-मुस्तफा के पदाधिकारी मोईन खान के नेतृत्व में शहर के मोहल्ला जखीरा, आजमनगर, बिहारीपुर, कोहाड़ापीर, गुलाबनगर, शहामतगंज, किला, जोगी नवादा, हजियापुर, शाहदाना, सेटेलाइट समेत कई जगहों पर आई लव मुहम्मद के बैनर-पोस्टर लगाए गए थे। आरोप है कि शनिवार देर रात किला पुलिस ने जखीरा मोहल्ले से पोस्टर उतार दिए।
रविवार सुबह जब इसकी जानकारी जमात रजा-ए-मुस्तफा के पदाधिकारी मोईन खान और आईएमसी नेता डाॅ. नफीस खान को हुई तो वह मौके पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और पोस्टर उतारे जाने को लेकर पुलिस से नोकझोंक हुई। इसके बाद सीओ सेकेंड से वार्ता करके दोबारा से पोस्टर लगाकर मामले को शांत कराया गया। वहीं किला थाना प्रभारी सुभाष कुमार ने बताया रात में पोस्टर हटा दिए थे, लेकिन रविवार को कुछ लोग इसका विरोध कर रहे थे तो पोस्टर लगवाकर लोगों को शांत कराकर मामले का निस्तारण करा दिया गया।
