लखीमपुर खीरी : लागत न मिलने से किसान ने जोती साढ़े चार एकड़ केले की फसल
निघासन, अमृत विचार। लागत न निकलने से नाराज एक किसान ने अपनी साढ़े चार एकड़ केले की फसल ट्रैक्टर से जोत कर नष्ट कर दी। किसान का कहना है कि अब वह इस खेत में अक्टूबर माह में गन्ने की बुआई करेगा।
गांव ओरीपुरवा निवासी किसान गोवर्धन लाल के पास कुल 10 एकड़ जमीन है। वे अपने बेटों लवकुश, संजय तथा बेटी देवकी के साथ कृषि कर अपना गुजारा करते हैं। गोवर्धन लाल ने बताया कि उन्होंने साढ़े चार एकड़ में केले की खेती की थी, जिसमें लगभग तीन लाख रुपये की लागत लगाई थी। इसके अलावा चार एकड़ में पेड़ी लगी है, लेकिन केले के दाम मात्र चार रुपये प्रति पीस मिलने के कारण लागत भी नहीं निकल पा रही है। किसान ने बताया कि कमाई न होने से बच्चों की पढ़ाई-लिखाई का खर्च तक निकालना मुश्किल हो गया है।
उनका बेटा लवकुश स्पेयर पार्ट्स की दुकान चलाता है, जबकि बेटी देवकी दिल्ली में आईएएस की तैयारी कर रही है। गोवर्धन लाल ने कहा कि बारिश के अनियमित पैटर्न ने भी खेती को नुकसान पहुंचाया। कभी पर्याप्त बरसात नहीं होती, तो कभी अचानक आई बाढ़ फसलें तबाह कर देती है। ऐसे में लागत निकालना तो दूर, परिवार की जरूरतें पूरी करना भी कठिन हो गया है। उन्होंने सरकार से फसलों का उचित मुआवजा देने की मांग की ताकि किसानों को बर्बादी से बचाया जा सके। इस घटना से पूरा परिवार और उनका छोटा भाई दिनेश बेहद परेशान है।
