Moradabad : रामलीला के दौरान पुलिस की मौजूदगी चले लात घूंसे, आरोपियों के खिलाफ FIR
भोजपुर, अमृत विचार। पुरानी रंजिश को लेकर रामलीला मंचन के दौरान श्री आदर्श रामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विरोधी पक्ष में पुलिस की मौजूदगी में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान चौकी इंचार्ज ब्रजपाल सिंह से भी जमकर तकरार हुई। पुलिस कमेटी अध्यक्ष के भाई को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
पिछले वर्ष कांवड़ यात्रा के दौरान बस स्टैंड स्थित दुर्गा मंदिर पर सनातनी दो भागों में बंट गए थे। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी। भाजपा जिलाध्यक्ष के भाई अशोक कुमार अमरजीत सिंह के पक्ष में तो जिलाध्यक्ष के भतीजे अर्पित पाल श्री आदर्श रामलीला कमेटी के अध्यक्ष उमेश कुमार के पक्ष में खुलकर आ गये थे। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज किये थे, जो अदालत में विचाराधीन हैं।
रविवार की रात 10 बजे श्री आदर्श रामलीला कमेटी के तत्वावधान में रामलीला मंचन आरंभ हुआ। करीब 11 बजे अमरजीत पक्ष रामलीला मंचन देखने पहुंचा तो विरोधी उमेश कुमार ने उन पर छींटाकशी करनी शुरू कर दी। माहौल गर्माता देख बीट आरक्षियों ने थाने में सूचना दी। कस्बा चौकी इंचार्ज ब्रजपाल सिंह भारी पुलिस बल जिसमें महिला पुलिस कर्मी भी शामिल थीं को लेकर मौके पर पहुंचे गये।
पुलिस देखकर कमेटी अध्यक्ष पक्ष भड़क गया। पहले तो उनकी पुलिस से गर्मागर्म बहस हुई। इसके बाद दूसरे पक्ष के अमरजीत सिंह से मारपीट हो गई। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों में जमकर मारपीट एवं डंडे चले। पुलिस मौके से कमेटी अध्यक्ष के भाई को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने अमरजीत सिंह की तहरीर पर कमेटी अध्यक्ष उमेश कुमार और उसके परिजनों घनश्याम,राजा, मोहित समेत दो तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मारपीट, गाली गलौज करने एवं सिर में गहरी चोटें पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उमेश पक्ष ने भी अमरजीत, भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल के भतीजे अर्पित,कमल, गुल्लू आदि के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की है।
कार में रखा तमंचा व शराब का वीडियो वायरल
रविवार की रात रामलीला मंचन के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर पुलिस की मौजूदगी में दो गुटों में मारपीट हुई थी। इस दौरान रामलीला ग्राउंड में कार छोड़कर भाग गए थे। इस कार में तमंचा और शराब मिली। ग्रामीणों नेवीडियो बनाकर वायरल कर दिया। कार पर भाजपा मंडल अध्यक्ष का स्टीकर लगा था।
