पशु तस्करों के हमले में मारे गए दीपक के परिजनों मिले CM योगी..दिया भरोसा, हत्या में शामिल आरोपियों पर होगी सख्त कार्रवाई
लखनऊ, अमृत विचार : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में पशु तस्करों के हमले में मारे गए दीपक गुप्ता के परिजनों से मिलकर न केवल उनकी पीड़ा पर संवेदना का मरहम लगाया। उन्होंने 5 लाख रुपये का चेक देकर आश्वस्त किया कि उनके रहते परिवार को चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भरोसा भी दिलाया कि घटना में शामिल एक भी बदमाश को बख्शा नहीं नहीं जाएगा। सबके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के साथ कठोर सजा दिलाई जाएगी।
15/16 सितंबर की रात पिपराइच थानांतर्गत महुआचाफी गांव में पशु तस्करों ने दीपक गुप्ता की हत्या कर दी थी। इस मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि ग्रामीणों की पिटाई से घायल पशु तस्कर गिरोह के एक सदस्य की मौत हो गई है।
गोरखपुर दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी ने सोमवार सुबह दीपक गुप्ता के पिता दुर्गेश गुप्ता, मां और अन्य परिजनों से गोरखनाथ मंदिर के अपने बैठक कक्ष में मुलाकात की। उन्होंने अपनी संवेदना प्रकट की और ढांढस बंधाते हुए परिजनों आत्मीय संबल प्रदान किया। इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल, पिपराइच के विधायक महेंद्रपाल सिंह भी मौजूद रहे।
