Moradabad : प्रभारी मंत्री बोले-जीएसटी संशोधन आम जनता और कारोबारियों को दिवाली का तोहफा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रदेश सरकार में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री व जिले के प्रभारी अनिल कुमार ने कहा कि 3 सितंबर को जीएसटी रिफॉर्म काउंसिल की 56 वीं बैठक में बड़ा फैसला लिया गया। पूर्व निर्धारित चार स्लैब में से दो को समाप्त कर अब केवल 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत की दरें लागू की गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने इसे पहले नवरात्र से लागू कर देशवासियों को दिवाली का तोहफा दिया है।

वह मंगलवार को सर्किट हाउस में जीएसटी संशोधन को लेकर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि जीएसटी टैक्स कानून में किए गए सुधार में केंद्र सरकार ने चार स्लैब से अब दो स्लैब कर दिया। जिससे जरूरत की सामग्री सस्ती होने से आम आदमी के घरेलू खर्चों में कमी आएगी और कारोबार को गति मिलेगी। रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं पर टैक्स घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। स्वास्थ्य बीमा दावों पर जीएसटी कम किया गया है जिससे आम आदमी बीमारियों से जूझते हुए आर्थिक बोझ से न दबे।

जिले के प्रभारी मंत्री ने कहा कि वाहनों पर जीएसटी की 28 प्रतिशत दर में से 10 प्रतिशत की कटौती कर 18 प्रतिशत की गई है। वहीं, शैक्षणिक सामग्री को टैक्स-मुक्त किया गया है, जिससे बच्चों की पढ़ाई का आम आदमी पर बोझ कम होगा। हालांकि, पान मसाला, गुटखा और लग्जरी गाड़ियों पर 40 प्रतिशत टैक्स लागू रहेगा। उन्होंने कहा कि इस संशोधन से राजस्व संग्रह में भी वृद्धि होगी। वर्ष 2017 में जहां 65 लाख जीएसटी पंजीकरण थे, अब यह बढ़कर 1.25 करोड़ तक पहुंच गए हैं। 

केंद्रीय जीएसटी कानून में कोई संशोधन न होने पर उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पर आगामी बैठकों में विचार किया जाएगा। प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल, महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला, एमएलसी डॉ: जयपाल सिंह व्यस्त व गोपाल अंजान, महापौर विनोद अग्रवाल, रालोद के प्रदेश सचिव चौधरी अजीत सिंह, जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी, भाजपा नेता धर्मेंद्र नाथ मिश्रा, परमेश्वर लाल सैनी और संजय ढाका आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार