सीतापुर में दर्दनाक हादसा : खेलते समय गहरे पानी में डूबे चार बच्चे, तीन की मौत, एक सुरक्षित
लहरपुर/सीतापुर, अमृत विचार। यूपी के सीतापुर जिले के लहरपुर तहसील क्षेत्र के पसुरा बेलवा गांव में गहरे पानी में डूबकर तीन बच्चों की मौत हो गई। कड़ी मशक्कत के बाद शवों को गहरे पानी से निकाला जा सका। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के पसुरा बेलवा गांव के बाहर बाढ़ का पानी भरा हुआ है। गांव की सबा (13) पुत्री जहीर खां, पवन (12) पुत्र पप्पू, विकास (12) पुत्र श्यामू और मोहिनी (14) पुत्री संतोष गांव के बाहर खेल रहे थे। बताते है कि सड़क के किनारे भरे गहरे पानी में अचानक सबा गिर गई।
जिसको बचाने में पवन उसके बाद विकास और फिर मोहिनी पानी में कूद गई। ऐसे में सभी डूबने लगे। चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग दौड़ पड़े। किसी तरह सभी को बाढ़ के गहरे पानी से निकाला गया। जिसमे सबा, पवन और विकास की मौत हो चुकी थी।
मोहिनी की हालत खतरे से बाहर है। घटना से गांव में कोहराम मच गया। ग्रामीणों द्वारा सूचना पुलिस को दी गई। कोतवाली प्रभारी विजयेंद्र सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर ग्रामीणों को बाढ़ के गहरे पानी से दूर रहने की सलाह दी गई है।
