कानपुर में NEET की छात्रा से मोबाइल छीनने वाले शातिर गिरफ्तार, 215 CCTV कैमरे खंगालने के बाद पकड़ में आए शातिर लुटेरे
कानपुर, अमृत विचार। मेडिकल की तैयारी कर रही छात्रा से मोबाइल लूट का बुधवार को डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने खुलासा किया। पुलिस ने लूट के तीन आरोपियों समेत पांच लुटेरों को गिरफ्तार किया है। जो शौक पूरा करने के लिए लूट की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने 215 सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद पांडुनगर बीमा अस्पताल के पास से लुटेरों को दबोचा। डीसीपी सेंट्रल ने बताया कि इटावा के दर्शनपुरवा की सृष्टि बघेल गीतानगर स्थित छात्रावास में रहकर नीट की तैयारी कर रही है। 20 सितंबर की सुबह वह अपनी सहेलियों के साथ कोचिंग पढ़कर लौट रही थी।
हॉस्टल के पास थी, तभी पीछे से आए बाइक सवार लुटेरों ने मोबाइल लूटा था। छात्रा का मोबाइल रावतपुर कच्ची मड़ैया निवासी गोविंद, दीपक उर्फ मंगू और ईशू ने लूटा था। पहले छात्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराने से इनकार कर दिया था, काउंसिलिंग के बाद छात्रा ने रावतपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसके बाद रावतपुर पुलिस व सर्विलांस टीम लुटेरों की तलाश में जुटी। उन्होंने बताया कि गुटैया क्रासिंग, हरीगंज, छपेड़ा पुलिया व नमक फैक्ट्री तक पुलिस ने 215 सीसीटीवी कैमरे खंगाले थे। तब जाकर तीन शातिर घटना को अंजाम देकर भागते दिखे।
डीसीपी सेंट्रल के अनुसार बुधवार सुबह तीनों लुटेरे पांडुनगर बीमा अस्पताल के पास मोबाइल बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस टीम ने घेरकर गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ उनकी निशानदेही पर गिरोह के सरगना निखिल गौतम व राहुल सोनकर को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने कई लूट की वारदातें कबूली। डीसीपी ने बताया कि आरोपी राह चलते मोबाइल पर बात करने वालों को लूट का निशाना बनाते थे। निखिल गौतम के खिलाफ रावतपुर, कल्याणपुर, अर्मापुर व काकादेव थाने में नौ मुकदमे दर्ज हैं। लुटेरों से पांच लूट के मोबाइल, एक बाइक, स्कूटी बरामद की है।
ये भी पढ़े : कानपुर में 3 युवकों ने फंदा लगाकर की आत्महत्या: अलग-अलग कारणों से दी जान, परिजनों में मचा कोहराम
