Bareilly : एक साल बाद 16 साल की नाबालिग बरामद...गोद में तीन माह की बच्ची देख घर वालों के उड़े होश
बरेली, अमृत विचार। प्रेमी के साथ भागी 16 साल की किशोरी को पुलिस ने एक साल बाद बरामद किया है। वह तीन माह की बच्ची की मां बनकर लौटी। किशोरी ने एक साल बाद अपना मोबाइल खोला तो पुलिस ने उसे ट्रेस करके दो दिन पहले गुजरात से बरामद किया। इसके बाद बाल कल्याण समिति की टीम ने किशोरी के बयान दर्ज करके उसे वन स्टाप सेंटर भेज दिया गया है। अब किशोरी की उम्र का पता लगाने के लिए विवेचक को उसका मेडिकल कराने को कहा गया है।
फरीदपुर थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली 16 साल की किशोरी जुलाई 2024 में गांव के ही रहने वाले अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी। परिजनों ने फरीदपुर थाने में उसकी गुमशुदी दर्ज कराई थी। परिजनों से मिला किशोरी का मोबाइल नंबर लगातार बंद रहा। ऐसे में पुलिस एक साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी उसका सुराग नहीं लगा सकी। पिछले दिनों किशोरी का मोबाइल नंबर ट्रेस हुआ। इसमें उसकी लोकेशन गुजरात में मिली। लोकेशन के आधार पर पुलिस गुजरात पहुंची और युवती को बरामद कर लिया।
बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष दिनेश चंद्र ने बताया कि किशोरी अब 3 माह की बच्ची की मां बन चुकी है। पुलिस मंगलवार को उसे लेकर बाल कल्याण समिति के सामने पेश हुई। जहां किशोरी ने अपनी उम्र 20 साल बताई, लेकिन एफआईआर में किशोरी की उम्र 16 साल लिखाई गई थी। इसके विवेचक को किशोरी का मेडिकल कराकर सही उम्र का पता लगाने को कहा है।
