अखिलेश यादव 8 अक्टूबर को आजम खां से करेंगे मुलाकात, सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह
रामपुर, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव 8 अक्टूबर को रामपुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह सपा के कद्दावर नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां से मुलाकात करेंगे। बताया गया है कि अखिलेश यादव सुबह 10 बजे प्राइवेट जेट से अमौसी एयरपोर्ट से बरेली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वह सड़क मार्ग के जरिए सीधे आजम खां के आवास पर जाएंगे। सूत्रों के अनुसार, अखिलेश यादव और आजम खां की मुलाकात करीब एक घंटे तक चलेगी। इसके बाद वह बरेली होते हुए लखनऊ लौट आएंगे। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में इस मुलाकात को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
मायावती की रैली से पहले सपा की रणनीति
सपा सूत्रों का मानना है कि यह मुलाकात पूरी तरह राजनीतिक रणनीति का हिस्सा है। दरअसल, यह दौरा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती की लखनऊ में 9 अक्टूबर को होने वाली रैली से ठीक एक दिन पहले तय किया गया है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, सपा चाहती है कि आजम खां के समर्थकों को पार्टी के साथ मजबूती से जोड़ा जाए और आगामी चुनावी समीकरणों में यह संदेश दिया जाए कि आजम खां पार्टी का अभिन्न हिस्सा हैं।
जेल से रिहाई के बाद आजम का बयान
गौरतलब है कि आजम खां हाल ही में लगभग दो साल बाद सितापुर जेल से रिहा हुए हैं। रिहाई के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में न्याय व्यवस्था पर भरोसा जताया। उन्होंने साफ कहा कि उनका समाजवादी पार्टी से नाता कायम है और वे बसपा में शामिल नहीं होंगे। आजम खां ने कहा, “मुझे अपने ऊपर पूरा भरोसा है। मैं हाई कोर्ट और जरूरत पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट से न्याय प्राप्त करूंगा।”
