कन्नौज : बीएसए ने 66 स्कूलों के स्टाफ को दी वेतन आहरण पर रोक की चेतावनी, जानें वजह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज, अमृत विचार। मिड-डे मील व विद्यार्थियों की हाजिरी कम होने पर बीएसए ने जिले के 66 परिषदीय स्कूलों के स्टाफ को अक्टूबर का वेतन आहरण पर रोक लगाने की चेतावनी दे दी है। कहा है कि सीएम डैशबोर्ड (दर्पण पोर्टल) पर रैंकिंग कम आने पर उच्चाधिकारियों ने नाराजगी जताई है। इसमें सुधार किया जाए। बीएसए संदीप कुमार ने जारी किए नोटिस में कहा है कि मुख्यमंत्री कार्यालय से दर्पण पोर्टल के जरिए योजनाओं का मूल्यांकन व रैंकिंग जारी होती है।

 पूर्व में विद्यालयवार समीक्षा के लिए बीईओ को निर्देश दिए गए थे, लेकिन सुधार नहीं आया है। कहा गया है कि खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक, शिक्षामित्र व अनुदेशकों की लापरवाही दिख रही है। 01 से 22 सितंबर तक मिड-डे मील में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति वाले परिषदीय स्कूलों की सूची भी जारी की गई है। 

इसमें विकास खंड छिबरामऊ इलाके के 11 परिषदीय विद्यालय, गुगरापुर के 04, हसेरन के 02, जलालाबाद के 02, कन्नौज के 16, नगर क्षेत्र कन्नौज के 03, सौरिख के 06, तालग्राम के 05 और उमर्दा के 17 प्राथमिक, जूनियर व कंपोजिट विद्यालय शामिल हैं। सभी को सचेत किया गया है कि सुधार किया जाए। नामांकन के सापेक्ष शत-प्रतिशत उपस्थिति की जाए अन्यथा अक्टूबर का वेतन व मानदेय रोक दिया जाएगा। डीपीआरओ को भी पत्र भेजकर प्रधानों से सहयोग मांगा गया है।

संबंधित समाचार