अयोध्या : राहुल गांधी को संविधान पर भरोसा नहीं, योगी के मंत्री ने विपक्ष पर साधा निशाना
अयोध्या। उत्तर प्रदेश के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने गुरुवार को कहा कि अगर राहुल गांधी को भारत के संविधान पर भरोसा नहीं है तो वे इटली चले जाएं उनको शायद इटली का संविधान ज्यादा पसंद है। महाराजा अग्रसेन जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने रामपथ स्थित एक होटल में पहुंचे अग्रवाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि संविधान पर जिस प्रकार से राहुल गांधी हमला करते रहते हैं, भारत में उन्हें रहने का अधिकार ही नहीं है। उन्होंने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेताओं पर संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया।
प्रदेश सरकार के आबकारी विभाग के मंत्री ने कहा कि विपक्ष न्यायपालिका, कार्यपालिका, मीडिया और चुनाव आयोग तक पर सवाल खड़ा करता रहता है, सेना पर अविश्वास करना तो कांग्रेस और विपक्ष के नेताओं का जैसे संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
मंत्री ने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष को लगता है कि उनके अलावा सबसे देश को खतरा है, लेकिन भारत की जनता सबको जानती है। बिहार विधानसभा चुनाव पर एक सवाल के जवाब में उन्होने कहा कि लालू शासन में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर था, एनडीए ने बिहार को विकास का रास्ता दिखाया। बिहार में फिर एनडीए की सरकार नीतीश कुमार के नेतृत्व में बनेगी।
