World Tourism Day: लखनऊ से अयोध्या एवं नैमिषारण्य के लिए रियायती दर पर चलेंगी बसें, कम दरों में मिलेगा टूर पैकेज, पर्यटन विभाग कराएगा सुविधा
लखनऊ, अमृत विचार: विश्व पर्यटन दिवस (27 सितंबर) से श्रद्धालुओं को लखनऊ से नैमिषारण्य और अयोध्या आदि पवित्र तीर्थस्थलों के लिए रियायती दरों पर परिवहन सेवा मिलेगी। इतना ही नहीं, उप्र. राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) की ओर से वरिष्ठ नागरिकों के लिए कम दरों में टूर पैकेज उपलब्ध कराए गए हैं। यह यात्रा हर शुक्रवार, रविवार और सोमवार सुबह 8 बजे लखनऊ स्थित होटल गोमती से प्रस्थान करेगी। यह जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि शनिवार सुबह से शुरू होने वाली नैमिषारण्य धार्मिक यात्रा, तीर्थाटन के बाद शाम 7.30 बजे वापस लखनऊ पहुंचेगी। इस टूर पैकेज का शुल्क प्रति यात्री 1,700 रुपये निर्धारित है, जबकि वरिष्ठ नागरिकों के लिए रियायती दर मात्र एक हजार रुपये रखी गई है। इस पैकेज के अंतर्गत श्रद्धालु नैमिषारण्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकेंगे।
साथ ही उन्होंने बताया कि लखनऊ-अयोध्या दर्शन यात्रा शनिवार और रविवार सुबह 8 बजे लखनऊ स्थित होटल गोमती से शुरू होगी। उसी दिन रात लगभग 8.30 बजे वापस लखनऊ पहुंचेगी। इसके लिए प्रति व्यक्ति दो हजार रुपये रखी गई है, जबकि वरिष्ठ नागरिकों के लिए मात्र एक हजार रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। इस यात्रा के तहत श्रद्धालुओं को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी, राम की पैड़ी सहित अयोध्या के अन्य प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिलेगा।
