डबल डेकर बसों को मिलेगी ऊर्जा.. अक्टूबर तक तैयार हो जाएगा चार्जिंग स्टेशन, ये होंगे रूट 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचारः बाराबंकी डिपो में 9 महीने से खड़ीं डबल डेकर बसों को जल्द ही ऊर्जा मिलने वाली है। बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अक्टूबर तक स्टेशन तैयार होने की संभावना है। इसके बाद बाराबंकी डिपो में खड़ी सभी आठ डबल डेकर बसों का संचालन यूपीएसआरटीसी शुरू कर देगा।

परिवहन निगम ने चार्जिंग स्टेशन निर्माण के लिए धनराशि आवंटित कर दी है। बिजली विभाग ने भी एनओसी (अनापत्ति प्रमाणपत्र) जारी कर स्थान चिन्हित कर लिया है। बताया गया है कि अक्टूबर माह के अंत तक चार्जिंग स्टेशन का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। इन बसों के संचालन के लिए बाराबंकी से कमता होते हुए शहीद पथ के रास्ते अमौसी तक का रूट तय किया गया है। 

बसों को चलाने से पहले परिवहन विभाग को विभिन्न सरकारी एजेंसियों से आवश्यक एनओसी लेनी होगी, जिसकी प्रक्रिया फिलहाल प्रगति पर है।एआरएम जमीला खातून ने बताया कि शुरुआत में बसों के संचालन को देखते हुए स्थायी के साथ अस्थायी चार्जिंग स्टेशन भी तैयार किए जा रहे हैं ताकि शुरुआती चरण में किसी प्रकार की बाधा न आए।

वापसी का टिकट भी बुक कराने पर रेलवे देगा 20 फीसदी छूट

इस बार त्योहारों में यात्री रेलवे की राउंड ट्रिप पैकेज योजना का लाभ यात्री उठा सकते हैं। यानी आने-जाने का टिकट एक साथ बुक कराने पर आईआरसीटीसी किराए में 20 फीसदी की छूट देगा। योजना का लाभ कंफर्म टिकट होने पर ही मिलेगा। दरअसल, त्योहारों के समय लोग लंबी दूरी की यात्रा के लिए ट्रेन को ही प्राथमिकता देते हैं, जिससे ट्रेनों में दशहरा, छठ और दीपावली पर भीड़ अधिक होती है। इस बार रेलवे प्रशासन ने भीड़ को ध्यान में रखते हुये राउंड ट्रिप पैकेज की शुरुआत अगस्त माह में ही कर दी थी। 

त्योहरों पर भीड़ को देखते हुए राउंड ट्रिप योजना

इस सुविधा का लाभ लेने के लिए यात्रियों को एक साथ आने और जाने दोनों की टिकट लेना अनिवार्य होगा। तभी 20 प्रतिशत की छूट मिलेगी, केवल एक तरफ की बुकिंग करने पर यह छूट नहीं मिलेगी। इसके अलावा यात्रियों को पहले जाने वाली यात्रा के लिए टिकट बुक करना होगा, जिसकी शुरुआत 13 अक्टूबर से होगी। ऐसे में जिन यात्रियों को कहीं जाना है वह 13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर के बीच शुरू होने वाली ट्रेनों में सीट आरक्षित करा सकते हैं। इसके बाद कनेक्टिंग जर्नी सुविधा का उपयोग करके वापसी यात्रा के टिकट बुक किये जायेंगे, जो 17 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच शुरू होने वाली ट्रेनों के लिए होंगे।

टिकट कंफर्म होने पर ही मिलेगा योजना का लाभ 

आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि इस योजना के तहत बुकिंग अगस्त में ही शुरू हो गई थी। ऐसे में यात्रा की शुरुआत के लिए टिकट 13 से 27 अक्टूबर के बीच की तारीखों पर बुक किये जा सकते हैं, वहीं वापसी की यात्रा की टिकट 17 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच बुक होंगे। उन्होंने बताया कि वापसी यात्रा की बुकिंग के लिए अग्रिम आरक्षण अवधि (एआरपी) लागू नहीं होगी।

 

ये भी पढ़े : सिंघासन की जगह वन को चले राम, शोक में डूब गई अयोध्या... लखनऊ में रामोत्सव-2025 का आयोजन

 

 

संबंधित समाचार