प्रतापगढ़ : अवैध संबंध का विरोध पड़ा भारी, पति ने चापड़ से गला रेत की पत्नी की हत्या
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले के मांधाता क्षेत्र में एक युवक ने गृहक्लेश में अपनी पत्नी की गला रेत कर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि पूरे भग्गू का पुरवा पीपर ताली गांव में श्रवण कुमार ने गुरुवार रात में घर के अंदर चापड़ से गला रेत कर अपनी पत्नी सुनीता देवी (32) की हत्या कर दी और घर से बाहर निकल कर चिल्लाते हुए पड़ोसियों को बताया कि कुछ अज्ञात लोगों ने पत्नी का गला रेत कर हत्या कर दी है और फरार हो गए है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
सुनीता देवी के दो बच्चे है जो घटना के समय सो रहे थे। पड़ोसियों के अनुसार श्रवण कुमार का दूसरी महिला से संबंध को लेकर उसकी पत्नी से झगड़ा होता रहता था। थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया है कि श्रवण कुमार को आज हिरासत में लेकर शक के आधार पर कडाई से पूछताछ की गई तो उसने अपनी पत्नी की हत्या करने के जुर्म को स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चापड़ को पास के एक सूखे कुएं से बरामद कर लिया गया। उन्होंने बताया है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज करके अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
