रामपुर : बेटियों का बढ़ाया मान, एक दिन की डीएम व एसपी बनीं छात्राएं

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

11वीं की छात्रा नाफेआ बी बनी डीएम

रामपुर, अमृत विचार: नारी सुरक्षा और नारी सम्मान की थीम पर आयोजित मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत पीएम श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की कक्षा-11 की छात्रा कुमारी नाफेआ बी को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया। जबकि 12वीं की छात्रा शगुन एक दिन की एसपी बनी।

छात्रा ने लोगों की समस्याएं सुनीं और जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने कहा कि बालिकाओं को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपने से उनका मनोबल बढ़ता है। समाज में यह संदेश जाता है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। एक दिन की जिलाधिकारी बनी नाफेआ बी ने कहा कि मिशन शक्ति महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए संचालित एक महत्वपूर्ण अभियान है। प्रधानमंत्री द्वारा चलाए जा रहे बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान ने बालिकाओं की शिक्षा में अत्यंत सहायक भूमिका निभाई है। नाफिया बी ने कहा कि अभिभावकों को चाहिए कि वे अपनी बेटियों को उच्च शिक्षा के अवसर अवश्य दिलाए। इस दिशा में अधिकारियों को भी अभिभावकों को जागरूक करना चाहिए। कहा कि ऐसी पहल बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और प्रशासनिक व्यवस्था की समझ विकसित करती है, जिससे वे भविष्य में सशक्त नागरिक बन सकेंगी। जिला विद्यालय निरीक्षक अजंलि अग्रवाल उपस्थित रहीं।

वहीं मिशन शक्ति अभियान-5.0 के तहत कक्षा 12 की छात्रा शगुन को एक दिन का रामपुर जिले का पुलिस अधीक्षक बनाया। उन्होंने पीड़ितों की समस्याओं को सुना। उसके बाद संबंधित अधिकारी को निस्तारण करने को कहा। पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र ने उनको पुलिस द्वारा किये जाने वाले कार्यों के बारे में बताया। एक दिन का पुलिस कप्तान बनी छात्रा शगुन ने पुलिस अधीक्षक के रूप में अधिकारी के दायित्व को समझा। इस अवसर पर शगुन को उत्तर प्रदेश पुलिस कार्यप्रणाली एवं उच्चाधिकारियों के आदेश-निर्देशों से अवगत कराते हुए अभिलेखों का निरीक्षण कराया। इस प्रयास का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं पुलिस कार्यप्रणाली की समझ विकसित करना है, ताकि वे समाज में सशक्त भूमिका निभा सकें। एसपी विद्या सागर मिश्र द्वारा छात्रा शगुन का उत्साहवर्धन करते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की।

संबंधित समाचार