रामपुर : जुमे की नमाज को लेकर पुलिस व जिला प्रशासन रहा अलर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

बरेली में हुए बवाल के बाद रामपुर में सतर्कता बढ़ाई

रामपुर, अमृत विचार: जुमे की नमाज के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर जिले भर में पुलिस प्रशासन व जिला प्रशासन अलर्ट रहा। शहर की जामा मस्जिद में नमाज के दौरान ड्रोन से निगरानी हुई। बरेली में हुए बवाल के बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। तहसील स्वार के ग्राम मीरापुर में पुलिस ने आई लव मोहम्मद लिखे बैनर उतरवाए।

जुमे की नमाज के मद्देनजर शहर की जामा मस्जिद के आसपास पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने जुमे की नमाज के दौरान जामा मस्जिद और उसके आसपास के क्षेत्र में ड्रोन से निगरानी की। बरेली में आईएमसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा खां ने जुमे की नमाज के बाद शांतिपूर्वक तरीके से प्रशासन को ज्ञापन देने का ऐलान किया था। बरेली में जुमे की नमाज के बाद लोग नौमहला मस्जिद और इस्लामिया के आसपास जमा होने लगे और नारेबाजी शुरू कर दी।

भीड़ में शामिल लोग बेकाबू होते दिखाई देने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया जिससे भगदड़ मच गई और कई लोग घायल हो गए। यह सूचना मिलने पर रामपुर प्रशासन अलर्ट हो गया और जुमे की नमाज के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरती गई। शहर की जामा मस्जिद के आसपास पुलिस बल और खुफिया विभाग के अधिकारियों को तैनात कर दिया गया और ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई। जुमे की नमाज शांतिपूर्वक निपट गई और नमाज पढ़ कर नमाजी अपने घरों को चले गए। नमाज के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। पुलिस ने मीरापुर गांव में लगे आई लव मोहम्मद के पोस्टर और फ्लेक्सी उतरवा दी है।

आई लव मोहम्मद के बैनर और फ्लेक्सी लगाए जाने को लेकर उलमा से राय मशविरा किया जाएगा। इसके बाद इस मामले में कोई बात की जा सकती है। - मोहम्मद मकसूद, शहर मुफ्ती।

संबंधित समाचार