Kanpur News: बारादेवी चौराहा पर ऑटो चालक की दबंगई, टीएसआई ने पीटा, बीच सड़क बैठा रहा था सवारियां
कानपुर, अमृत विचार। बारादेवी चौराहा पर बीच सड़क पर ऑटो खड़ी कर सवारी भर रहे चालक ने ट्रैफिक सिपाही को दबंगई दिखाई। धमकाने के अंजाद में ऑटो से डंडा लेकर उतरा। इसी बीच पहुंचे टीएसआई ने फटकारा तो यूट्यूबर की ऑटो बताकर उनसे भी भिड़ गया। इससे गुस्साए टीएसआई ने बीच चौराहा ऑटो चालक को सबक सिखाया। गला दबाकर पिटाई कर दी। सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो रहा है।
नवरात्रि के कारण बारादेवी चौराहा पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू है। साउथ जोन के ट्रैफिक इंस्पेक्टर राजकुमार मिश्रा ने बताया कि हजारों की संख्या में रोजाना श्रद्धालु बारादेवी मंदिर में दर्शन करने आते है। जिस कारण चौराहा पर श्रद्धालुओं के साथ रूटीन यातायात के लोड का दबाव है। गुरुवार चौराहा पर टीएसआई अवधेश कुमार राय व कांस्टेबल अजय सिंह की ड्यूटी थी।
दोपहर के समय एक ऑटो चालक बारादेवी चौराहा पर बीच सड़क वाहन खड़ा कर सवारियां बैठाने लगा। इससे जाम लगने लगा। कांस्टेबल ने जब ऑटो को किनारे करने के लिए पीछे से उसमें डंडा मारा तो चालक तमतमा उठा। एक यूट्यूबर की ऑटो बताकर कांस्टेबल से भिड़ गया।
ऑटो में रखा डंडा लेकर उतर आया। विवाद देखकर टीएसआई अवधेश कुमार राय मौके पर पहुंचे तो चालक ने उनसे भी अभद्रता की। जिसके बाद गुस्साए टीएसआई ने ऑटो चालक का गला दबाकर पीछे धकेला और उसकी पिटाई कर दी। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
