नवनीत कोरी हत्याकांड : पुलिस को चकमा देकर हत्यारोपी ने कोर्ट में किया सरेंडर, बहन के प्रेमी को मारी थी गोली
10 अगस्त को हुए नवनीत कोरी हत्याकांड का मामला, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
सुलतानपुर, अमृत विचार। बहन के प्रेम प्रसंग को लेकर गांव निवासी युवक की हत्या करने वाला मुख्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर शुक्रवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में सरेंडर कर दिया। अदालत ने आरोपी को नौ अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
10 अगस्त को कुड़वार थाना क्षेत्र के चेरी मिश्र का पुरवा, भंडरा परशुरामपुर गांव निवासी नवनीत कोरी (20) पुत्र शिवलाल की खेत में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के पीछे आरोपी रजनीश कोरी की बहन को मृतक द्वारा भगा ले जाने की रंजिश बताई गई थी।
मामले में मृतक के भाई आनंद की तहरीर पर आरोपी रजनीश और उसके पिता शिवलाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने पूर्व में साजिश और धमकी देने के आरोप में पिता शिवलाल को जेल भेज दिया था, जबकि मुख्य आरोपी फरार चल रहा था।
विशेष कोर्ट न्यायाधीश संध्या चौधरी ने आरोपी शिवलाल कोरी की जमानत अर्जी खारिज कर दी है। वहीं, पुलिस को नवनीत को पकड़ने में सफलता नहीं मिली। अंततः शुक्रवार को आरोपी ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। हालांकि, पुलिस अब आरोपी की रिमांड का प्रयास करेगी, क्योंकि हत्या में प्रयुक्त असलहा अभी तक बरामद नहीं हो सका है।
