Bareilly : बवाल के बाद अब तौकीर पर FIR, 39 लोग हिरासत में आठ को किया गिरफ्तार
बरेली, अमृत विचार। शुक्रवार को हुए बवाल के अगले दिन अब पुलिस आरोपियों पर नामजद मुकदमे दर्ज करने में जुटी है। पांच थानों में छह प्राथमिकी दर्ज की गईं। लोगों की भीड़ जुटाने का आह्वान करने वाले आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां को भी कोतवाली में दर्ज मुकदमें में नामजद किया गया। अब तक 39 लोगों को हिरासत में लिया गया और आठ लोगों के खिलाफ धारा 163 का उल्लंघन करने समेत गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई।
पुलिस ने 1 मुकदमा कोतवाली, 2 बारादरी, 1 किला, 1 प्रेमनगर और 1 कैंट थाने में दर्ज किया है। मौलाना को बारात घर संचालक ने अपने फाइक इनक्लेव स्थित आवास पर शरण दी थी। जहां मौलाना तौकीर रजा को नजरबंद किया गया है। पुलिस ने अब बारातघर संचालक फरहत के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया। इसके अलावा आईएमसी नेताओं के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
दरअसल आई लव मोहम्मद पर छिड़े विवाद के बाद मौलाना तौकीर रजा खां ने इस्लामिया पहुंचने का आह्वान लोगों से किया था। इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देने की बात कही गई थी। लिहाजा पुलिस ने धारा 163 लागू कर रखी थी। मगर इसको नजरअंदाज कर जुमा की नमाज के बाद काफी संख्या में लोगों ने इस्लामिया का रुख किया। हाथों में पोस्टर बैनर लेकर पहुंचे।
पुलिस के मुताबिक ज्यादातर लोग समझाने के बाद अपने घरों को चले गए। मगर चंद खुराफातियों ने माहौल खराब कर दिया। नारेबाजी करते हुए पुलिस पर पथराव किया गया। जिसमें 22 के आसपास पुलिस वाले भी घायल हुए। इधर लाठी चार्ज के दौरान काफी संख्या में उपद्रवी भी घायल हुए।
