Maruti Suzuki India: मारुति सुजुकी ने वैश्विक ऑटो दिग्गजों को पछाड़ा, अब दुनिया की बनीं आठवीं सबसे मूल्यवान कार कंपनी

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

Maruti Suzuki India: भारतीय ऑटोमोबाइल क्षेत्र की प्रमुख कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत स्थिति मजबूत करते हुए दुनिया की सबसे मूल्यवान ऑटोमोबाइल कंपनियों की सूची में शानदार एंट्री मार ली है। ईटीआईजी डेटा के अनुसार, 57.6 अरब डॉलर के बाजार पूंजीकरण के साथ यह कंपनी अब वैश्विक रैंकिंग में आठवें पायदान पर काबिज हो गई है। इस उपलब्धि के साथ मारुति ने फोर्ड मोटर, जनरल मोटर्स और वोल्क्सवैगन जैसी अंतरराष्ट्रीय दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है। खास बात यह है कि मारुति ने अपनी मूल जापानी कंपनी सुजुकी मोटर को भी काफी फासले से मात दे दी है।

पैरेंट कंपनी सुजुकी का बाजार मूल्य 29 अरब डॉलर

इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, मारुति सुजुकी का बाजार पूंजीकरण अब फोर्ड मोटर (46.3 अरब डॉलर), जनरल मोटर्स (57.1 अरब डॉलर) और वोल्क्सवैगन (55.7 अरब डॉलर) से बढ़कर आगे निकल गया है। ये सभी प्रतिस्पर्धी कंपनियां हाल के महीनों में या तो स्थिर रहीं या अपनी रैंकिंग में नीचे खिसक गईं। वहीं, मारुति की मूल कंपनी सुजुकी मोटर का बाजार मूल्य मात्र 29 अरब डॉलर पर अटका हुआ है।

टेस्ला शीर्ष पर बरकरार, टोयोटा दूसरे स्थान पर

वैश्विक ऑटोमोबाइल कंपनियों की मूल्यांकन सूची में अरबपति उद्योगपति एलन मस्क की टेस्ला 1.47 ट्रिलियन डॉलर के विशाल बाजार पूंजीकरण के साथ पहले नंबर पर कायम है। जापान की टोयोटा 314 अरब डॉलर के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है, जबकि चीन की बीवाईडी 133 अरब डॉलर के मूल्य के साथ तीसरे पायदान पर है। फेरारी (92.7 अरब डॉलर) चौथे, बीएमडब्ल्यू (61.3 अरब डॉलर) पांचवें, मर्सिडीज-बेंज ग्रुप (59.8 अरब डॉलर) छठे और होंडा मोटर (59 अरब डॉलर) सातवें स्थान पर हैं। मारुति सुजुकी के बाद नौवें स्थान पर जनरल मोटर्स और दसवें पर वोल्क्सवैगन है।

नीचे दी गई तालिका में शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान ऑटोमोबाइल कंपनियों की पूरी सूची दी गई है:
रैंक    कंपनी              बाजार पूंजीकरण (डॉलर में) 

1         टेस्ला                            1.47 ट्रिलियन           
2        टोयोटा                            314 अरब                
3        बीवाईडी                         133 अरब                  
4        फेरारी                            92.7 अरब                
5        बीएमडब्ल्यू                    61.3 अरब                
6        मर्सिडीज-बेंज                59.8 अरब                
7       होंडा मोटर                      59 अरब                
8       मारुति सुजुकी इंडिया      57.6 अरब          
9        जनरल मोटर्स                57.1 अरब            
10       वोल्क्सवैगन                 55.7 अरब             

छोटी कारों से 60% से अधिक बिक्री, नए जीएसटी से बड़ा फायदा

भारत की अग्रणी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी की कुल बिक्री में छोटी गाड़ियों का योगदान 60 प्रतिशत से ज्यादा है। इसके अलावा, 22 सितंबर से लागू नई जीएसटी व्यवस्था का सबसे अधिक लाभ इसी कंपनी को मिल रहा है, जो इसकी बाजार हिस्सेदारी को और मजबूत कर रही है। यह उपलब्धि न केवल भारतीय ऑटो उद्योग की ताकत को दर्शाती है, बल्कि वैश्विक पटल पर मारुति की बढ़ती रफ्तार का प्रमाण भी है।

यह भी पढ़ेंः मौलाना भूल गया था कि यूपी में सरकार किसकी है, ऐसा सबक सिखाएंगे कि पीढ़ियां दंगा करना भूल जाएंगी: योगी आदित्यनाथ 

संबंधित समाचार