UP News: हिस्ट्रीशीटर संजय होगा एक लाख का इनामी, पुलिस आयुक्त को भेजी गई रिपोर्ट
लखनऊ, अमृत विचार: कुर्सी रोड स्थित चार नंबर चौराहे के पास चेन लूट के बाद पीछा कर रहे व्यवसायी अतुल जैन की स्कूटी में लात मारकर मौत के मामले में गुडंबा पुलिस फरार हिस्ट्रीशीटर संजय यादव के खिलाफ एक लाख रुपये का इनाम घोषित करने की तैयारी में है। लुटेरे संजय यादव की तलाश में सर्विलांस सेल व गुडंबा पुलिस समेत चार टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने वारदात में शामिल उसके भाई अरविंद यादव को गुरुवार तड़के मुठभेड़ में गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
जेसीपी कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार ने बताया कि बीकेटी निवासी संजय यादव हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ लूट समेत करीब 18 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। करीब पांच माह पहले जेल से जमानत पर निकला संजय यादव बीकेटी इलाके में नहीं गया। इस बात की पुष्टि ईगल मोबाइल के रजिस्टर से हुई है। आरोपी संजय यादव पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित करने की रिपोर्ट तैयार कर पुलिस आयुक्त अमरेंद्र कुमार सेंगर को भेज दी गई है। जल्द ही फरार लुटेरे पर इनाम घोषित कर दिया जाएगा।
पुलिस आरोपी की फोटो की मदद से यह पता कर रही है कि पिछले माह में उसने और कौन सी वारदात को अंजाम दिया। 20 सितंबर को गुडंबा वारदात के सीसी फुटेज में आरोपी संजय और उसका भाई अरविंद कैद हुए थे। मुखबिर और सर्विलांस सेल की मदद से संजय के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जेसीपी ने बताया कि आरोपी संजय की फोटो प्रदेश के सभी जिलों में भेजी गयी है। पड़ोसी जिलों से लगातार जानकारी की जा रही है।
