Stampede at Vijay's rally in Karur: सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान, जांच आयोग का गठन, गृह मंत्रालय ने मांगी रिपोर्ट... 10 बड़े अपडेट

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

तमिलनाडु के करूर जिले में शनिवार (27 सितंबर 2025) को अभिनेता और टीवीके नेता विजय की जनसभा के दौरान भीषण भगदड़ मच गई। इस हादसे में 39 लोगों की जान चली गई, जिनमें 8 बच्चे और 16 महिलाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने तत्काल सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक बुलाई और इस घटना को दुखद बताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए 10-10 लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा की और न्यायमूर्ति अरुणा जगदीशन की अध्यक्षता में जांच आयोग गठित किया।

करूर भगदड़: 10 प्रमुख अपडेट

1. अधिकारियों के अनुसार, हादसा शाम करीब 7:30 बजे हुआ, जब विजय अपने समर्थकों को संबोधित कर रहे थे। दोपहर से ही रैली स्थल पर भारी भीड़ जमा थी। कुछ लोगों के बेहोश होने से अफरा-तफरी मच गई, जिससे भगदड़ फैली।

2. विजय ने स्थिति बिगड़ने पर अपना भाषण तुरंत रोक दिया और कहा कि इस घटना ने उन्हें गहरा दुख पहुंचाया है। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

3. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यपाल आरएन रवि और मुख्यमंत्री स्टालिन से बात की और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। गृह मंत्रालय ने तमिलनाडु सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी।

4. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर पोस्ट कर शोक जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

5. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस हादसे को दुखद बताया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

6. उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने इसे असहनीय दुख का क्षण बताया।

7. भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।

8. राज्य सरकार ने मृतकों के परिवारों के लिए 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की।

9. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पीड़ितों के प्रति संवेदना जताई। विजयन ने स्टालिन को पत्र लिखकर सहायता की पेशकश भी की।

10. अभिनेता कमल हासन और सुपरस्टार रजनीकांत ने भी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

द्रमुक ने विजय को ठहराया जिम्मेदार

सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने इस हादसे के लिए विजय को जिम्मेदार ठहराया। पार्टी प्रवक्ता सरवनन अन्नादुरई ने कहा, “यह घटना हृदयविदारक है। रैली में भारी भीड़ थी, और अचानक भगदड़ से कई लोगों की जान चली गई। इसके लिए आयोजक जिम्मेदार हैं। यह विजय की लापरवाही का नतीजा है।”

संबंधित समाचार