गोंडा: आज जेल होई, काल बेल होई... थाने में बनाई रील बनी युवकों की मुसीबत
नवाबगंज (गोंडा), अमृत विचार। फेमस होने की चाह में बाइक पर सवार दो युवकों ने थाने के भीतर ही रील बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दी, लेकिन उनकी यह हरकत उन्हें सीधे न्यायालय तक ले गई। पुलिस ने कोल्हमपुर चौकी अंतर्गत पश्चिम पुरवा खडौंवा के आशीष चौहान पुत्र श्याम चंद और चेतन भारती पुत्र हनुमान प्रसाद को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। दोनों युवक किसी काम से थाने आए थे।
लौटते समय उन्होंने थाने के अंदर ही मोबाइल पर रील बनाई और उसमें भोजपुरी गाने के बोल– “आज जेल होई, काल बेल होई” – जोड़ दिए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तुरंत वायरल हो गया, लेकिन वायरल होने के साथ ही युवकों के लिए परेशानी भी खड़ी हो गई।
थाना अध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर फेम पाने की कोशिश में गैर जिम्मेदाराना हरकत करना कानून के दायरे में आता है और इसका परिणाम हमेशा गंभीर होता है। उन्होंने कहा कि यह घटना युवाओं के लिए चेतावनी है कि नियमों और समाज की हदों का उल्लंघन कभी भी महंगा पड़ सकता है।
सोशल मीडिया पर फेम पाने की चकाचौंध में की गई यह हरकत युवकों के लिए सबक बन गई और यह स्पष्ट कर गई कि कानून और जिम्मेदारी की सीमाओं का उल्लंघन हमेशा भारी पड़ता है।
