जिला पंचायत अध्यक्ष का बयान, सशक्त नारी समृद्ध प्रदेश की पहचान...मिशन शक्ति के तहत सम्मानित हुईं महिलाएं
बाराबंकी, अमृत विचार। मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के दृष्टिगत रिजर्व पुलिस लाइन्स में महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली बाल वैज्ञानिक समेत महिलाओं को सम्मानित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने अभियान के तहत महिला सशक्तिकरण व उत्थान की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में जनपद की बाल वैज्ञानिक पूजा पाल, महिला पुलिस कर्मियों, महिला कृषक, सामाजिक कार्यकर्ताओं, अध्यापिकाओं, मेडिकल आफीसर, आशा बहू, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी, वार्डेन आदि को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं, छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से आमजनमानस को महिला सुरक्षा व कानूनों के प्रति जागरुक किया।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत ने कहा कि सशक्त नारी समृद्ध प्रदेश की पहचान है। नारी शक्ति ही समाज और राष्ट्र की वास्तविक ताकत है। गांव-गांव की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना पीएम मोदी और सीएम योगी की प्राथमिकता है। आज सम्मानित होने वाली प्रत्येक महिला आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। सशक्त नारी समृद्ध प्रदेश की पहचान है।
