Bareilly : रजा एकेडमी के प्रमुख सईद नूरी बोले, जेल भेजे गए निर्दोष लोगों को देंगे कानूनी मदद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली में शुक्रवार को हुए बवाल के बाद पुलिस ने गिरफ्तारियों का सिलसिला शुरू किया है। मौलाना तौकीर रजा खां के खास कारिंदों नदीम और डॉ.नफीस समेत दर्जनों लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। दूसरी तरफ पुलिस पर निर्दोश लोगों को जेल भेजने के आरोप समाजवादी पार्टी और दूसरे विपक्षी दलों ने लगाया है। वहीं इन गिरफ्तारियों की गूंज देश भर में सुनाई दे रही है। अब मुंबई की रजा एकेडमी के प्रमुख सईद नूरी ने जेल भेजे गए निर्दोश लोगों को कानूनी मदद देने पर विचार करने की बात कही है।

सईद नूरी ने बताया कि बरेली में जो भी हालात हैं, उसको लेकर हम सभी बेहद चिंतित हैं। पूरे मामले को लेकर मुंबई में एक बैठक की। बैठक में विचार किया गया है कि बरेली में हुए बवाल के बाद किसी निर्दोश को अगर पुलिस ने जेल भेजा है, उसके खिलाफ कानूनी एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने कहा हम जो भी काम करेंगे वो कानून के दायरे में रहकर करेंगे। मगर उससे पहले इंतजार कर रहे हैं कि पूरी तरह अमन कायम किया जाएगा। किसी भी तरह का प्रदर्शन करने से बेहतर है, कि कानून के दायरे में रहकर परेशान लोगों की मदद की जाए। उन्होंने बताया कि ऑल इंडिया सुन्नी जमीयत उलमा के अध्यक्ष मौलाना सैयद मोइनुद्दीन अशरफ भी बरेली के हालात को लेकर बेहद चिंतित हैं। आगे का कदम उनसे बातचीत करने के बाद ही उठाया जाएगा।

ये भी पढ़ें-Bareilly : गुटबाजी ने मौलाना तौकीर को पहुंचाया सलाखों के पीछे, कॉल वापस लेने पर भड़काते थे करीबी

सपा ने लगाया उत्पीड़न का आरोप
मंगलवार को समाजवादी पार्टी के नेता डीआईजी अजय साहनी से मिले। इस दौरान सपा नेताओं ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े करते हुए उत्पीड़न का आरोप लगाया। कहा कि पुलिस ऐसे लोगों को भी जेल में डाल रही है, किसी काम से बाजार आए थे। गिरफ्तारी का लक्ष्य साधने के लिए बेकसूरों के नाम मुकदमे में शामिल कर दिए गए हैं। सपा जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप और महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल डीआईजी से मिला।

संबंधित समाचार