बाराबंकी : थाने से कुछ दूरी पर बाइक से एक लाख नकद चोरी, सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ नाबालिग चोर
सफदरगंज/बाराबंकी, अमृत विचार। मंगलवार को सफदरगंज थाना परिसर से चंद कदमों की दूरी पर बड़ी चोरी की वारदात हो गई। कस्बे में स्थित केनरा बैंक के सामने खड़ी बाइक की डिग्गी से एक युवक एक लाख रुपये की नकदी पार कर ले गया। चोरी की पूरी घटना बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम उधौली निवासी व्यापारी अंशुल गुप्ता की गिट्टी-मौरंग की दुकान पर पिछले दस वर्षों से कार्यरत संदीप कुमार पुत्र रामसागर मंगलवार सुबह करीब 11 बजे आरटीजीएस कराने के लिए बैंक पहुंचा था। संदीप ने बाइक बैंक के सामने खड़ी की और अंदर जाकर फॉर्म लेने लगा।
इसी दौरान थाने की ओर से पैदल आया एक कम उम्र का युवक बाइक में रखे थैले से बैग निकालकर कस्बे की ओर पैदल निकल गया। बैग में एक लाख रुपये की नकदी रखी थी। जब संदीप बैंक से बाहर आए तो देखा कि थैला खुला हुआ था और उसमें रखा बैग गायब था। उन्होंने तुरंत शाखा प्रबंधक और थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक नाबालिग युवक चंद सेकंड में बैग निकालते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
थानाध्यक्ष अमर कुमार चौरसिया ने बताया कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कराई जा रही है। आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। पीड़ित अंशुल गुप्ता के मुताबिक लड़का दुकान पर सुबह से रेकी कर रहा था। उसी ने बैंक के सामने से गाड़ी से बैग निकला और फरार हो गया।
