मैनपुरी : ड्यूटी में अनुपस्थित 125 डॉक्टरों का डीएम ने रोका वेतन
मैनपुरी। उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिला प्रशासन ने ड्यूटी में अनुपस्थित पाये गये 125 से अधिक डाक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों का वेतन रोक दिया है। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि जिलास्तरीय अधिकारियों से कराये गये औचक निरीक्षण में 125 से अधिक डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित पाए गए।
अनुपस्थित पाये गए सभी डॉक्टर और कर्मचारियों का वेतन रोक दिया गया है। कई डॉक्टर और कर्मचारी तीन महीने से अनुपस्थित चल रहे थे। उन्होने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में सुधार की आवश्यकता है। उन्होने बताया कि चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों के समय से उपस्थित न होने की शिकायतें निरतंर प्राप्त हो रहीं थीं।
स्वास्थ्य कर्मियों के समय से उपस्थित न होने के फलस्वरूप मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। उक्त निरीक्षण मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारियों के माध्यम से कराये गये, जिसमें बड़ी संख्या में चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित पाये गये हैं।
उन्होने अनुपस्थित पाये गये चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टॉफ को अनुपस्थित रहने का कारण स्पष्ट करते हुये स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने एवं अनुपस्थित तिथियों का तत्काल प्रभाव से वेतन रोके जाने के निर्देश दिये हैं।
