Moradabad : व्यापारियों को त्योहारी सीजन से 200 करोड़ रुपये की उम्मीद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। त्योहारों के सीजन में खरीदारी तेज है। दो अक्टूबर को दशहरा और 10 अक्टूबर को करवा चौथ है। 21 अक्टूबर को दिवाली है, इसके बाद सहालग शुरू हो जाएंगे। त्योहारों और शादियों की तैयारी के लिए बाजारों में बड़े शहरों से रेडीमेड परिधान आने शुरू हो गए हैं। इस समय इंडियन, इंडो वेस्टर्न और एथनिक परिधान चलन में है, जिन्हें मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, कोलकाता व लुधियाना से मंगवाया जा रहा है। इस सीजन में व्यापारी लगभग 200 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान लगा रहे हैं। त्योहारों के साथ शादियों के लिए भी लोग खरीदारी करने पहुंच रहे हैं।

सामान्य दिनों की अपेक्षा त्योहारी सीजन में परिधानों की मांग 40 से 50 फीसदी तक बढ़ गई है। कपड़ा व्यापारियों का कहना है कि इस बार इंडो वेस्टर्न परिधानों की मांग अधिक है, क्योंकि महिलाएं और युवतियां फैशन के साथ आरामदायक कपड़ों को अधिक महत्व दे रही हैं। वहीं, शादियों के लिए रेयान, सिल्क, बनारसी, कश्मीरी सिल्क साड़ी की बहुत मांग है। लड़कों के लिए जींस-टीशर्ट के साथ कुर्ता पायजामा, शेरवानी आदि की खरीदारी की जा रही है। टाउन हॉल स्थित एक दुकान पर नितिन राज ने बताया कि प्रतिदिन औसतन 40 से अधिक ग्राहक आ रहे हैं। सामान्य दिनों में 15 से 20 ग्राहक ही आते हैं। इस वक्त सहालग का काम मुख्य है। 

शेरवानी में डबल लेयर, हैंडवर्क, मिरर वर्क, स्टोन वर्क, जरदोजी, जोधपुरी शेरवानी, सूट की मांग है। कोट में भी कढ़ाई का काम है। शादियों वाले घरों में एक ही रंग के कई-कई सूट खरीदे जा रहे हैं। सूट में प्लेन और चमक अधिक पसंद किए जा रहे हैं। दूल्हे के लिए जोधपुरी बंधेज पगड़ी की ज्यादा बिक्री हो रही है। हम अपना माल खुद तैयार करवाते हैं। मुरादाबाद के अलावा आसपास के जिलों से खरीदारी के लिए ग्राहक आ रहे हैं। दुल्हन का लहंगा 30 हजार रुपये की रेंज में ज्यादा पसंद किया जा रहा है।

कश्मीरी एंब्राइडरी शॉल की जा रही पसंद
ताड़ीखाना पर नीरज चावला ने बताया कि बच्चों के लिए कुर्ता-पायजामा और उसमें भी थ्री पीस की अधिक मांग हैं। ग्राहक कोटी वाले कुर्ते, शर्ट के बजाय टी-शर्ट ज्यादा पसंद कर रहे हैं। हल्के रंगों की काफी मांग है। वूलन में ट्वीट जैकेट काफी हैं। महिलाओं में सूट, कोट, कार्डीगन की नई रेंज आई है। महिलाएं पेंट सूट और प्रिंट सूट खरीद रही हैं। शादी-ब्याह के लिए कश्मीरी एंब्राइडरी शॉल पसंद की जा रही हैं।

करवाचौथ में साड़ियों की बिक्री अच्छी
व्यापारी अनुज जगनेजा ने बताया कि वैवाहिक सीजन में काम अच्छा होता है। शादी विवाह के लिए अच्छी खरीदारी की जा रही है। बाजार में सहालग वाले ग्राहक ज्यादा हैं। ग्राहकों को फैंसी सामान चाहिए। युवतियां गरारा, इंडो वेर्स्टन, कुर्ती, जींस टॉप पसंद कर रही हैं। मुंबई और कोलकाता से माल मंगवाया गया है। करवाचौथ की वजह से साड़ियों की बिक्री भी अच्छी है। सहालग के लिए साड़ी, सूट, ड्रेस, लहंगा, लांचा की तैयारियां हैं। अब बाजार में पूरी तरह से रौनक है।

 

संबंधित समाचार