बाराबंकी : नहर व झाड़ी में मिले दो युवकों के शव, एक की शिनाख्त
देवा/सिरौलीगौसपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी जिले में अलग अलग जगहों पर दो शव बरामद हुए हैं। जानकारी के मुताबिक एक युवक का शव झाड़ियों में तो दूसरे का शव नहर में पड़ा मिला। इनमें एक की पहचान हो गई जबकि दूसरे की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
देवा कोतवाली क्षेत्र के माती कस्बे में मंगलवार को पुलिस चौकी से महज 20 मीटर की दूरी पर झाड़ियों से घिरे गड्ढे में एक युवक का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई तो मृतक की पहचान 28 वर्षीय विजय चौहान निवासी काजीपुर जिला अयोध्या के रूप में हुई।
बताया जा रहा कि विजय माती कस्बे में किराए के मकान में रहता था। चौकी के इतने करीब शव मिलने को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।माती चौकी प्रभारी अशोक वर्मा ने बताया कि मृतक शराब का आदी था।
शुरुआती जांच से लग रहा कि वो रात में पैदल जा रहा था और किसी वाहन की चपेट में आने के बाद सड़क किनारे गड्ढे में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
बदोसरांय थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह शारदा सहायक नहर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव दिखने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव निकलवार पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
शारदा सहायक समानान्तर नहर कसरैला झाल पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों और गोताखोर की मदद से शव को बाहर निकलवा कर शिनाख्त कराने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बावजूद शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार विद्यार्थी ने बताया कि एक करीब 35 वर्षीय युवक का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
