बाराबंकी : नाला पाटे जाने से सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न, किसानों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हैदरगढ़/बाराबंकी, अमृत विचार। तहसील मुख्यालय के निकट गोतौना, बबुरिहा, कौडिया, कनवा और बाबा का पुरवा सहित कई गांवों में बरसाती पानी के निकास मार्ग के रूप में कार्यरत पुराने गंदे नाले को लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे के पास कुछ अराजक तत्वों ने पाट दिया, जिससे बरसाती पानी का निकास रुक गया और सैकड़ों बीघा की तैयार धान की फसल जलमग्न हो गई।

नाराज किसानों ने मंगलवार को तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन कर एसडीएम राजेश कुमार विश्वकर्मा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने नाले को पाटे जाने की गंभीर समस्या से अवगत कराया। एसडीएम ने मामला गंभीरता से लेते हुए एनएच व तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम गठित कर दी है।

राजेश कुमार विश्वकर्मा ने किसानों को आश्वासन दिया कि दशहरा के बाद एक विशेष अभियान चलाकर गंदे नाले की सफाई कराई जाएगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों से धैर्य बनाए रखने की भी अपील की है। इस दौरान गोतौना प्रधान नीलेश कुमार, जासेपुर प्रधान नसरीन बानो, कनवा प्रधान विनय कुमार सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

संबंधित समाचार